नई दिल्ली। चांदनी चौक के कूचा महाजनी से 70 लाख रुपये लेकर निकले कारोबारी के कर्मचारी को लूटने की साजिश की जड़ उसी बाजार में छिपी थी। यहां काम कर चुके एक युवक को पता था कि कौन, कब और कितनी नकदी लेकर निकलता है। इसी जानकारी के आधार पर उसने साथियों के साथ मिलकर लूट की कथित साजिश रची। गुलाबी बाग अंडरपास के पास स्कूटी सवार की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 70 लाख रुपये लूटने के मामले में उत्तरी जिला पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 30.23 लाख रुपये नकद और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को पीड़ित 70 लाख रुपये लेकर मायापुरी लौट रहा था। रात करीब 9:30 बजे डीएन रोड पर तीन बदमाशों ने उसकी स्कूटी रुकवाई। एक ने आंखों में मिर्च पाउडर डाला, जबकि अन्य ने मारपीट कर नकदी से भरा बैग लूट लिया। जांच में कूचा महाजनी के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी से आरोपियों की पहचान हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश कुमार, सीतू, चंदन कुमार, सुभोभन उर्फ सोनू, मनीष कुमार उर्फ विक्की और मंटू यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मंटू पहले कूचा महाजनी में क्लीनर का काम करता था और उसे नकदी लेकर जाने वालों की गतिविधियों की जानकारी थी। इसी जानकारी से उसने साथियों को लूट के लिए तैयार किया। पुलिस दो अन्य संदिग्धों पवन और वकील की तलाश कर रही है।