योग गुरु बाबा रामदेव रविवार को पल्ला स्थित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पार्षद तौफीक हिंगनपुरिया के निवास स्थान पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के युवाओं को संबोधित करते हुए योग के महत्व के बारे में बताया। बाबा रामदेव ने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए योग बेहद जरूरी है। नियमित योगासन और प्राणायाम करने से शरीर निरोगी रहता है और मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला भी मौजूद रहे। बाबा रामदेव ने अभय सिंह चौटाला को माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में युवाओं और क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर तौफीक हिंगनपुरिया ने बाबा रामदेव का स्वागत किया।