ग्रेटर नोएडा में सोसाइटी के बाहर खुला नाला होने से आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। नाले को ढकने के लिए कई बार प्राधिकरण से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वहीं सोसाइटी के गेट के आसपास रात के समय लोग शराब पीते हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। ग्रेनो वेस्ट स्थित फ्यूजन होम्स सोसाइटी के निवासियों ने इन गंभीर मुद्दों को अमर उजाला संवाद में उठाया। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी के आसपास लावारिस कुत्तों की संख्या काफी अधिक है। इसके अलावा सोसाइटी के गेट के पास स्कूल बसें खड़ी हो जाती हैं, जिससे कई बार लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। उन्होंने स्कूल बसों के लिए अलग से बस स्टैंड बनाने की मांग की। सोसाइटी की मार्केट में आए दिन चोरी की घटनाएं होती हैं। कई लोग अपनी दुकानों के आगे अतिरिक्त दुकानें लगवा लेते हैं, जिससे मार्केट में भीड़ बढ़ जाती है। निवासियों का कहना है कि अवैध दुकानों को हटाने के लिए कई बार प्राधिकरण से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई के बजाय एओए को ही नोटिस भेज दिया जाता है।