फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैबिनेट मंत्री केदार पहुंचे दुर्ग: सेवा संकल्प अभियान की दी जानकारी, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

Mon, 05 Oct 2026 06:36 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, दुर्ग-भिलाई

दुर्ग में वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर भाजपा के सेवा अभियानों की जानकारी दी गई।

25 साल के सार्वजनिक जीवन पर भाजपा का सेवा अभियान
वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उन्होंने लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में अपनी भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य, रेलवे, सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत सहित कई योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान के तहत योजनाओं के हितग्राहियों और पात्र लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल लोगों से मिलना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझना और संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जानने और उनके निराकरण की दिशा में काम कर रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के दौरे पर केदार कश्यप का हमला
कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर भी मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन धरती पर उनका स्वागत है, लेकिन प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ हुई कार्रवाई और इसके परिणामों को लेकर कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करना चाहिए।

केदार कश्यप ने नक्सली कमांडर हिड़मा को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के जिन नेताओं की नक्सली हिंसा में मौत हुई, उन्हीं नक्सलियों से जुड़े लोगों को लेकर कांग्रेस के कुछ नेताओं की ओर से दिए गए बयानों पर कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत से सवाल करते हुए कहा कि यदि पार्टी के किसी नेता की ओर से नक्सलवाद या नक्सली विचारधारा का समर्थन किया जाता है, तो क्या कांग्रेस ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करेगी?

भाजपा ने सेवा अभियान को बनाया जनसंपर्क का माध्यम
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं।

इस दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर समेत भाजपा के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें