फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुर्ग: जेडी इस्पात फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, 1600 डिग्री पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत, वीडियो वायरल

Tue, 20 Oct 2026 03:28 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दुर्ग

जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र के रसमड़ा स्थित जेडी इस्पात फैक्ट्री में काम के दौरान हुए हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे मशीन से निकला 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मशीन का नोजल नीचे आने से हुआ हादसा
अंजोरा चौकी पुलिस के अनुसार संतोष कुमार श्रीवास्तव जेडी इस्पात फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करते थे। 17 अक्टूबर की रात फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाली टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल नीचे आ गया। इसी दौरान मशीन से निकल रहा पिघला लोहा संतोष के शरीर पर गिर गया। अत्यधिक तापमान के कारण वे बुरी तरह झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वे काम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ आए हुए थे।

ये भी पढ़ें: महासमुंद: 50 करोड़ का 100 क्विंटल गांजा जब्त, 501 आरोपी गिरफ्तार, पांच राज्यों में फैले नेटवर्क पर कसा शिकंजा

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जेडी इस्पात फैक्ट्री में हुए हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आग की लपटों से घिरा एक व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। हालांकि वीडियो में दिखाई देने वाले दृश्यों और हादसे के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद औद्योगिक संयंत्र में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के संचालन से जुड़े सवाल भी उठ रहे हैं। हादसे की परिस्थितियों और इसमें किसी संभावित लापरवाही की भूमिका की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस कर रही हादसे की जांच
दुर्ग शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल ने बताया कि अंजोरा चौकी क्षेत्र के रसमड़ा स्थित जेडी इस्पात फैक्ट्री में काम के दौरान एक व्यक्ति के गंभीर रूप से झुलसने की घटना हुई थी। घायल संतोष कुमार श्रीवास्तव की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें