धमतरी जिले के मराठापारा और बांसपारा इलाके में आधी रात हथियारों के साथ घूमने और दहशत फैलाने के आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में मराठा समाज के अल्टीमेटम के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सात युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में संलिप्तता सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चेहरे ढंककर लाठी-डंडों के साथ घूमने का आरोप
मराठा समाज के अनुसार, 21 और 22 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 20 से 22 युवक चेहरे पर गमछा और स्कार्फ बांधकर लाठी-डंडों व हथियारों के साथ मराठापारा और बांसपारा की गलियों में घूम रहे थे। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने गाली-गलौज की और मोहल्ले में दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
24 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने पर दोबारा थाने पहुंचा समाज
घटना के विरोध में गुरुवार को मराठा समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कोतवाली थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी। समाज ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर धमतरी बंद और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शुक्रवार को समय सीमा पूरी होने पर समाज के लोग फिर कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी मांगी। मराठा समाज के जिला अध्यक्ष दीपक लोंढे ने बताया कि गुरुवार को सीएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था। समाज की मांग थी कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए। दीपक लोंढे ने कहा कि रात में चेहरे ढंककर हथियारों के साथ घूमने और गाली-गलौज करने की घटना गंभीर है। ऐसी स्थिति में किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
एफआईआर दर्ज, सात युवकों से पूछताछ
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मुताबिक, मराठा समाज की ओर से शुक्रवार को दिए गए आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सात युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में कुछ संदिग्धों के नाबालिग होने की जानकारी भी मिली है। सभी की पहचान और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।