तुर्किये ने सोशल मीडिया पर बढ़ाई सख्ती: 15 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट होंगे बैन, 1 नवंबर से नियम लागू
Turkey Social Media Ban: तुर्किये में 1 नवंबर से 15 साल से कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया अकाउंट नहीं चला पाएंगे। नए नियमों के तहत कंपनियों को सरकारी डिजिटल पोर्टल से यूजर्स की उम्र वेरिफाई करनी होगी। 15 से 17 साल के किशोरों के अकाउंट भी प्राइवेट रहेंगे और उनकी मैसेजिंग, डेटा और कंटेंट फीड पर पाबंदियां होंगी। जानें सरकार ने सोशल मीडिया कंपनियों के लिए क्या नियम तय किए हैं।

विस्तार
बच्चों को सोशल मीडिया के संभावित खतरों से बचाने के लिए तुर्किये ने बड़ा कदम उठाया है। देश में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर 1 नवंबर से रोक लग जाएगी। नए नियमों के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को नए यूजर्स की उम्र की जांच सरकारी डिजिटल पोर्टल के जरिए करनी होगी। वहीं, 15 से 17 साल के किशोरों के लिए भी प्राइवेट अकाउंट और मैसेजिंग से जुड़े सख्त नियम लागू किए जाएंगे।
सरकारी पोर्टल से होगी उम्र की जांच
- तुर्किये के आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित नियमों के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नया अकाउंट बनाते समय यूजर की उम्र वेरिफाई करनी होगी। इसके लिए देश के ई-देवलेट (e-Devlet) सरकारी पोर्टल से डिजिटल टोकन जारी किया जाएगा।
- यह टोकन केवल यह बताएगा कि यूजर 15 या 18 साल की उम्र की शर्त पूरी करता है या नहीं। इसमें उसकी पहचान से जुड़ी दूसरी जानकारी साझा नहीं की जाएगी। कंपनियां इस टोकन का इस्तेमाल किसी दूसरे उद्देश्य के लिए भी नहीं कर सकेंगी।
- अगर कोई यूजर 15 साल से कम उम्र का पाया जाता है, तो उसका अकाउंट बनाने का अनुरोध खारिज कर दिया जाएगा। मौजूदा अकाउंट्स को भी 31 मार्च 2027 तक नए नियमों के अनुरूप करना होगा।
15 से 17 साल के किशोरों के लिए भी सख्ती
- नए नियमों के तहत 15 से 17 साल के किशोरों के अकाउंट डिफॉल्ट रूप से प्राइवेट रहेंगे। उन्हें अकाउंट पब्लिक करने का विकल्प नहीं मिलेगा। दूसरे यूजर्स यह भी नहीं देख सकेंगे कि किशोर किन लोगों को फॉलो करते हैं और उन्हें कौन फॉलो कर रहा है।
- किशोरों को केवल उन्हीं अकाउंट्स से मैसेज मिल सकेंगे, जिन्हें वे खुद फॉलो करते हैं। मैसेज पढ़े जाने की जानकारी देने वाला रीड रिसीट फीचर भी प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, उनकी प्रोफाइल फोटो, पोस्ट और तस्वीरों के स्क्रीनशॉट लेने से रोकने के लिए तकनीकी उपाय करने होंगे।
ऑटो-प्ले और अनलिमिटेड स्क्रॉलिंग पर रोक
- नियमों में उन फीचर्स पर भी ध्यान दिया गया है, जो यूजर्स को लगातार सोशल मीडिया चलाते रहने के लिए प्रेरित करते हैं। किशोरों के अकाउंट में ऑटो-प्ले और अनलिमिटेड फीड जैसे फीचर्स नहीं होने चाहिए।
- कंपनियां बच्चों की गतिविधियों के आधार पर उनकी प्रोफाइलिंग नहीं कर सकेंगी और न ही उनके निजी डेटा का इस्तेमाल इस काम के लिए कर पाएंगी। प्लेटफॉर्म को अपने कंटेंट फिल्टर और रिकमेंडेशन सिस्टम में भी बदलाव करना होगा, ताकि किशोरों तक उनके शारीरिक, मानसिक या भावनात्मक विकास को नुकसान पहुंचाने वाला कंटेंट कम पहुंचे।
नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर होगी कार्रवाई
- नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों को पहले उल्लंघन की जानकारी देकर सुधार का समय दिया जाएगा। कार्रवाई तय करते समय उल्लंघन की गंभीरता, उसकी अवधि, प्रभावित बच्चों की संख्या और कंपनी की ओर से किए गए सुधारों को ध्यान में रखा जाएगा।
- इसके अलावा, कंपनियों को उम्र की जांच, अकाउंट सस्पेंड करने या बंद करने जैसे फैसलों के खिलाफ अपील की सुविधा देनी होगी। अपील तुर्किये की भाषा में स्वीकार करनी होगी और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इन मामलों की समीक्षा केवल ऑटोमेटेड सिस्टम से नहीं हो सकेगी, बल्कि मानवीय जांच भी जरूरी होगी। इन नियमों के जरिए तुर्किये बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा बढ़ाने और सोशल मीडिया कंपनियों की जवाबदेही तय करने की कोशिश कर रहा है।
- स्टारलिंक: चीन, रूस और ईरान... मस्क के इंटरनेट पर कहां-कहां है पाबंदी? भारत में क्यों हो रही देरी, जानें वजह
- अब फोन चलाने पर नहीं होगा सिरदर्द: सैमसंग गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा में आ रहा डीसी डिमिंग फीचर, जानें खूबियां
- रक्षम हैकथॉन 2026: एआई से साइबर ठगी और वॉइस क्लोनिंग रोकेंगे छात्र, आईआईटी दिल्ली-अमेजॉन दे रहे युवाओं को मौका
- शॉओमी 18 प्रो भारत में होगा लॉन्च: दो स्क्रीन और 200MP कैमरे से होगा लैस, प्रोसेसर भी होगा दमदार; जानें डिटेल