देश में एक्टिव हैं 20 लाख 5G डिवाइस, कमर्शियल लॉन्चिंग अभी है बाकी

भारत में पिछले पांच सालों में डाटा, ट्रैफिक और स्मार्टफोन यूजर्स में जबरदस्त इजाफा हुआ है। पिछले पांच सालों में देश में डाटा ट्रैफिक 60 गुना बढ़ा है जो कि दुनिया के किसी भी देश के मुकाबले सबसे ज्यादा है। इसकी जानकारी नोकिया ने 'मोबाइल ब्रॉडबैंड इंडिया ट्रैफिक (एमबिट) इंडेक्स- 2021' में दी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 4जी डाटा के खर्च के कारण डाटा ट्रैफिक में सालाना 36 फीसदी तक का इजाफा हो रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले साल देश में 10 करोड़ नए 4जी ग्राहक बने हैं जिन्हें मिलाकर देश में 4जी ग्राहकों की संख्या 70 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। डाटा ट्रैफिक में सबसे ज्यादा यानी 98.7 फीसदी 4जी का ही है।
ग्रामीण इलाकों में बढ़े सबसे ज्यादा 4जी
देश में 4जी मोबाइल रखने वालों की संख्या 60.7 करोड़ पार कर गई और इसमें सबसे ज्यादा योगदान ग्रामीण इलाकों का है। गांव में सबसे अधिक नए 4जी यूजर बने हैं। इसका बड़ा कारण सस्ता डाटा और सस्ता 4जी मोबाइल फोन है, हालांकि यहां इस बात पर भी ध्यान देने की जरूरत है कि अभी भी
10 करोड़ मोबाइल यूजर ऐसे हैं जो 2जी/3जी सेवाओं पर निर्भर हैं।
20 लाख 5जी एक्टिव डिवाइस
वैसे तो देश में अभी 5जी कमर्शियल तौर पर लॉन्च ही नहीं हुई है लेकिन आपको जानकर हैरानी होगा कि लॉन्चिंग से पहले देश में करीब 20 लाख एक्टिव 5जी डिवाइस हैं। एयरटेल ने हाल ही में हैदराबाद में 5जी नेटवर्क का लाइव ट्रायल किया है। वहीं जियो भी 5जी पर तेजी से काम कर रहा है। भारत में 5जी के लिए एयरटेल और नोकिया साथ में काम कर रहे हैं।
रिलायंस जियो है भारत में स्ट्रीमिंग सर्विस की कामयाबी का राज: नेटफ्लिक्स
वीडियो स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स के संस्थापक और सह-सीईओ, रीड हेस्टिंग्स का मानना है कि भारत में डाटा की कीमतों में नाटकीय गिरावट के पीछे मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो का हाथ है और यही वजह है कि भारत में नेटफ्लिक्स जैसी अनेकों स्ट्रीमिंग सर्विस कामयाब हो पाई हैं। फार्चूय्न इंडिया के साथ एक खास साक्षात्कार में उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि महंगी डाटा कीमतों की वजह से भारत की गिनती दुनिया के सबसे कीमती डाटा मार्केटों में होती थी, लेकिन रिलायंस जियो की लॉचिंग के बाद मात्र चार वर्षों की अवधि में भारत दुनिया के सबसे सस्ते डाटा बाजारों में से एक माने जाने लगा। रिलायंस जियो की तारीफ करते हुए रीड हेस्टिंग्स कहते हैं कि जियो डेटा क्षेत्र में जो परिवर्तन लेकर आया है उसके कारण ही नेटफ्लिकस का बिजनेस चलता है, अन्यथा हम सफल नहीं होते।