Amazfit Neo Review: जबरदस्त बैटरी वाली एक कूल फिटनेस ट्रैकर

भारतीय स्मार्टवॉच बाजार में नंबर-1 स्मार्टवॉच ब्रांड Amazfit ने अपनी रेट्रो स्टाइल वाली स्मार्टवॉच Amazfit Neo की लॉन्चिंग पिछले महीने ही की है। Amazfit Neo की कीमत 2,499 रुपये है। Amazfit Neo एक डिजिटल स्मार्टवॉच है। इसमें नेविगेशन और सेटिंग के लिए चार बटन दिए गए हैं। इसकी बैटरी लाइफ को लेकर 28 दिनों के बैकअप का दावा है और इसमें मोनोक्रोम डिस्प्ले है। कंपनी ने इसे रेट्रो वॉच नाम दिया है। वाटर और डस्टप्रूफ के लिए इसे 5ATM रेटिंग मिली है। इसमें 24x7 हर्ट रेट मॉनिटरिंग का फीचर भी है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसी है यह वॉच...

Amazfit Neo की स्पेसिफिकेशन
इसमें पर्सनल एक्टिविटी इंटेलिजेंस (PAI) फीचर भी मिलेगा। अमेजफिट नीयो का मुकाबला हाल ही में लॉन्च Mi Smart Band 5 से होगा। यह वॉच ब्लैक, ग्रीन और रेड कलर वेरियंट में मिलेगा। यह स्मार्टवॉच स्लीप मॉनिटर और रैपिड आई मूवमेंट ट्रैक करने में भी सक्षम है। यह स्मार्टवॉच 20 मिनट से अधिक के पावरनैप को भी ट्रैक करने में सक्षम है। इसमें 160mAh की बैटरी है जिसे लेकर 28 दिनों के बैकअप का दावा है। वहीं पावरसेविंग मोड में 37 दिनों के बैकअप दावा किया जा रहा है। वॉच का वजन 32 ग्राम है और इसमें ब्लूटूथ 5.0 दिया गया है। वॉच पर फोन पर आने वाले सभी नोटिफिकेशन मिलेंगे।

Amazfit Neo की डिजाइन और डिस्प्ले
Amazfit Neo की डिजाइन रेट्रो वाली है। यह वॉच एक डिजिटल वॉच है, लेकिन हर्ट रेट मॉनिटरिंग, फोन पर आने वाले नोटिफिकेशन का अलर्ट और फिटनेस ट्रैकर जैसे फीचर्स होने के कारण यह एक स्मार्टवॉच भी है। डिजाइन काफी कूल और क्यूट है। डिजाइन के मामले में यह Amazfit Neo स्पोर्ट्स लुक पसंद करने वालों को पसंद आएगी। ट्रेवलर्स के लिए यह वॉच परफेक्ट है। इसमें नेविगेशन के लिए कुल चार बटन हैं जिनमें सेलेक्ट, बैक, अप और डाउन शामिल हैं। डिस्प्ले ब्लैक एंड व्हाइट है और इसमें टच का सपोर्ट नहीं है। इसमें एक साधारण एलसीडी डिस्प्ले है। डिस्प्ले की बनावट इस तरीके से की गई है कि उस पर आसानी से खरोंच नहीं आने वाले हैं। नोटिफिकेशन आने या वेकअप करने पर वॉच की लाइट जलती है। इसमें अलवेज ऑन डिस्प्ले है। वॉच की स्ट्रैप सिलिकॉन की तो नहीं है। रेट्रो स्टाइल में यह थोड़ा हार्ड है। वॉच की बॉडी प्लास्टिक की है। तो कुल मिलाकर हम कह सकते हैं कि इस वक्त बाजार में इस डिजाइन की कोई स्मार्टवॉच कम फिटनेस ट्रैकर नहीं है।