मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
पाती के माध्यम से आपसे संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूर्ण हो गए, पता ही नहीं चला। कभी-कभी आपके मन में यह जिज्ञासा उठती होगी कि मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? इसका उत्तर एक प्रसंग में छिपा है।
पहली बार वनटांगिया गाँव जाने का मुझे आज भी स्मरण है। कोल, गोंड, मुसहर, थार और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों का दयनीय जीवन तथा वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से विमुख रहने की उनकी स्थिति देखकर मैं अत्यंत व्यथित हुआ। मुझे लगा कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएँ बनाना और उपलब्धियाँ गिनाना नहीं, बल्कि समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना भी है, जिसकी अपेक्षाएँ और पीड़ा कई बार व्यवस्था तक नहीं पहुँच पाती। उस प्रसंग ने मेरे मन में यह भाव और दृढ़ किया कि शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव होना चाहिए। पाती की प्रेरणा भी इसी भाव में निहित है।
मेरी सहज भावना यही थी कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहें। उत्तर प्रदेश मात्र एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। और, परिवार में आदेश नहीं, अपनत्व के साथ संवाद होता है। मेरा प्रयास ऐसे विषयों पर आपसे संवाद करने का रहा है, जो सीधे आपके जीवन, आपकी आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हों। पाती के माध्यम से सुख-दुःख की साझेदारी, परस्पर विश्वास और सहभागिता को सुदृढ़ करना ही मेरी भावना रही है।
गत एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र मेरे लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं। मुझे यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुँची है।
इस यात्रा में आपका स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूँजी रहे हैं। मैं चाहता हूँ कि पाती केवल मेरे विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें आपके मन की बात, आपकी अपेक्षाएँ और आपके सुझाव भी समान रूप से स्थान पाएं। आपकी आवाज ही पाती की वास्तविक शक्ति है। आपकी सहभागिता ही इसे और अधिक सार्थक तथा जनभावनाओं के अनुरूप बनाने का आधार बनेगी।
आइए, आत्मीय सुख-दुःख की इस संवाद-श्रृंखला को और सुदृढ़ करें। विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के निकट लाए। हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।