फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US China Brazil Southern Austria Politics Crime and Global events

World: मॉरीशस के पूर्व PM जुगनाथ वित्तीय धोखाधड़ी में गिरफ्तार; नेपाल में भारतीय मदद से बने स्कूल का उद्घाटन

Sun, 16 Feb 2025 09:57 AM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sun, 16 Feb 2025 09:57 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US China Brazil Southern Austria Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ को रविवार तड़के मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। देश की सरकारी एजेंसी फाइनेंशियल क्राइम्स कमीशन (एफसीसी) के प्रवक्ता इब्राहिम रोसे ने बताया कि उन्हें मोका जिले के डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।एफसीसी के अनुसार, प्रविंद जुगनाथ के निवास समेत कई ठिकानों पर छापों के दौरान 114 मिलियन मॉरीशस रुपये (24 लाख डॉलर या 20.80 करोड़ भारतीय रुपये) जब्त किए गए थे। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में की गई थी। जगन्नाथ के वकील रऊफ गुलबुल ने कहा कि उनके मुवक्किल पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप अस्थायी हैं। उन्होंने आरोपों को खारिज किया है। गौरतलब है कि मॉरीशस के नए प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने पिछले साल नवंबर में पिछली सरकार की ओर से पेश किए गए सरकारी आंकड़ों की सटीकता पर सवाल उठाया था। उन्होंने सार्वजनिक वित्त का ऑडिट कराने की घोषणा की थी। यह गिरफ्तारी देश में भ्रष्टाचार और वित्तीय अपराधों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। गौरतलब है कि पिछले महीने देश के केंद्रीय बैंक के पूर्व गवर्नर को भी धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उन्हें जमानत मिल चुकी है।

विज्ञापन


भारत की सहायता से बने स्कूल भवन का नेपाल में उद्घाटन
नेपाल के उदयपुर जिले में रविवार को भारत की वित्तीय सहायता से निर्मित एक स्कूल भवन का उद्घाटन किया गया। नेपाल संसद के सदस्य नारायण खड़का और भारतीय दूतावास के उप प्रमुख प्रसन्न श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से जनता बेलका माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन किया। भारतीय दूतावास के अनुसार, स्कूल भवन और अन्य सुविधाओं का निर्माण भारत सरकार की 3 करोड़ 80 लाख नेपाली रुपये की वित्तीय सहायता से किया गया है। जनता बेलका माध्यमिक विद्यालय की स्थापना 1962 में एक प्राथमिक विद्यालय के रूप में हुई थी, जिसे बाद में 1976 में माध्यमिक विद्यालय के रूप में उन्नत किया गया था। 2006 में इसे उच्च माध्यमिक विद्यालय का दर्जा मिला। स्कूल में लगभग 500 छात्र हैं, जिनमें से 55% लड़कियां हैं। यह परियोजना भारत-नेपाल विकास साझेदारी के तहत किए गए 551 से अधिक परियोजनाओं में से एक है। भारत ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में नेपाल को लगातार सहयोग प्रदान किया है। स्कूल भवन का निर्माण नेपाल में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम है।
विज्ञापन

दक्षिणी ऑस्ट्रिया में युवक ने राहगीरों पर चाकू से हमला किया, किशोर की मौत
दक्षिणी ऑस्ट्रिया के शहर विलाच में शनिवार दोपहर 23 वर्षीय एक युवक ने पांच राहगीरों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 14 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। हमले के आरोपी 23 वर्षीय सीरियाई नागरिक को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ा था। गृह मंत्री गेरहार्ड कार्नर ने रविवार को कहा कि उन्हें शहर में निर्दोष लोगों पर चाकू से अंधाधुंध हमला करने वाले एक इस्लामी हमलावर के प्रति गुस्सा है। कार्नर ने विलाच में संवाददाताओं से कहा कि हमलावर का आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से संबंध था और वह ऑनलाइन सामग्री के जरिये बहुत ही कम समय में कट्टरपंथ की तरफ बढ़ा। गवर्नर पीटर कैसर ने 42 वर्षीय एक सीरियाई व्यक्ति का आभार व्यक्त किया, जिसने संदिग्ध की ओर गाड़ी चला दी और स्थिति को बिगड़ने से रोकने में मदद की।

रूसी समकक्ष लावरोव से मार्को रुबियो ने की बात
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से बात की और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर मिलकर काम करने के संभावित अवसरों पर भी चर्चा की। यह बातचीत इस सप्ताह की शुरुआत में ट्रंप की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत के बाद हुई। इस सप्ताह की शुरुआत में, ट्रंप ने कहा था कि उनकी पुतिन के साथ एक उत्पादक फोन कॉल हुई, जिसमें उन्होंने यूक्रेन में संघर्ष को तुरंत खत्म करने के लिए बातचीत शुरू करने पर सहमति जताई। यूक्रेन के अलावा, दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा और अन्य विषयों पर भी चर्चा की। 

जयशंकर और इस्राइली विदेश मंत्री ने म्यूनिख में ट्रंप के दृष्टिकोण पर चर्चा की
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सा'र ने शनिवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दृष्टिकोण पर चर्चा की, जिसमें इस्राइल के माध्यम से एशिया, यूरोप और अमेरिका को जोड़ने की बात की गई। जयशंकर और सा'र की मुलाकात म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान हुई, जो सुरक्षा और कूटनीति पर चर्चा करने का एक बड़ा मंच है। दोनों नेताओं ने हूथियों और ईरान द्वारा व्यापार मार्गों पर हमलों से उत्पन्न चुनौतियों पर भी बातचीत की। सा'र ने भारत के साथ इस्राइल के संबंधों के महत्व को भी बताया। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक सम्मेलन में कहा था कि अमेरिका और भारत 'इतिहास के सबसे महान व्यापार मार्गों में से एक' बनाने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह मार्ग भारत से इस्राइल, इटली और फिर अमेरिका तक जाएगा, जो विभिन्न बंदरगाहों, रेलवे और समुद्र के नीचे केबलों को जोड़ेगा।

मानवाधिकार समूहों की एपल यूजर डाटा पर ब्रिटिश आदेश की निंदा
मानवाधिकार निगरानी समूह ‘एचआरडब्ल्यू’ समेत अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने ब्रिटेन सरकार के हाल ही में दिए गए उस आदेश की निंदा की है जिसमें एपल से एन्कक्रप्टेड उपयोग कर्ता डाटा तक पहुंच देने की मांग की गई है। ब्रिटिश गृह मंत्रालय द्वारा जनवरी में जारी आदेश एपल के उन्नत डाटा सुरक्षा फीचर को लक्षित करता है, जो क्लाउड-स्टोर किए गए डाटा को सुरक्षित करने के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का उपयोग करता है। एमनेस्टी इंटरनेशनल और एचआरडब्ल्यू ने कहा, यह सरकारी आदेश गोपनीयता के अधिकारों को नुकसान पहुंचाता है। एचआरडब्ल्यू के वरिष्ठ निगरानी शोधकर्ता जैक कैंपबेल ने इस आदेश पर गंभीर चिंता जताई है।

पाकिस्तान के नागरिकों ने 12 देशों में तोड़ा कानून, 131 का निर्वासन
पाकिस्तान के नागरिकों की विदेशों में साख का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 12 देशों से अब तक 131 लोग विभिन्न कानूनी उल्लंघनों के कारण निष्कासित किए जा चुके हैं। इसमें नशीली दवाओं से संबंधित अपराध, अवैध प्रवेश और रोजगार नियमों का पालन न करना शामिल है। कई देशों के अधिकारियों ने स्थानीय कानूनों के उल्लंघन का हवाला देते हुए इन्हें निर्वासित किया। सऊदी अरब ने निर्वासन का नेतृत्व किया, जिसने नशीली दवाओं की तस्करी में कथित संलिप्तता और बिना पूर्व सूचना के नौकरी छोड़कर रोजगार समझौतों का उल्लंघन करने के आरोप में 74 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेज दिया। यूएई ने भी कई पाकिस्तानी नागरिकों को निर्वासित किया और उन पर अवैध प्रवेश, चोरी और नशीली दवाओं से संबंधित अपराधों का आरोप लगाया। एक व्यक्ति को आगमन पर प्रवेश से वंचित कर दिया गया अन्य को खुदकुशी के प्रयास के बाद यूएई से निर्वासित किया गया।

सिंध में तीर्थयात्रियों से भरी वैन के पलटने  से चार मरे, 10 घायल
पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित नवाबशाह में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक वैन के पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गई और दस अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना अमरी रोड पर हुई, जब सेहवान शरीफ जा रही एक तेज रफ्तार वैन ने नियंत्रण खो दिया और पलट गई। मृतकों व घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था। पीड़ितों की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है।

बेरूत में शांति मिशन पर हुए हमले में डिप्टी कमांडर घायल
लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल के निवर्तमान डिप्टी कमांडर एक हमले में घायल हो गए हैं। यह हमला उस वक्त हुआ जब शांति सैनिकों को बेरूत हवाई अड्डे पर ले जाए जा रहे थे। यूनीफिल ने कहा, आंतरिक मंत्री अहमद अल-हज्जर ने सुरक्षा स्थिति पर चर्चा करने के लिए शनिवार को आपातकालीन बैठक बुलाई। लेबनानी मंत्री ने कहा, अपराधियों की पहचान करने और उन्हें संबंधित न्यायिक अधिकारियों को संदर्भित करने के काम करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

ड्रेसडेन में बमबारी की 80वीं बरसी पर चरमपंथियों के खिलाफ प्रदर्शन
ड्रेसडेन पर बमबारी की 80वीं बरसी पर, पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई तो वहीं दक्षिणपंथी चरमपंथियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शहर में एक मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया गया। 13 से 15 फरवरी, 1945 तक जर्मनी के ड्रेसडेन शहर में मित्र देशों की बमबारी के दौरान 25,000 से अधिक लोग मारे गए थे।

गुब्बारों में लगी आग से बाल-बाल बचे नेपाली उप प्रधानमंत्री पौडेल
नेपाल के उप प्रधानमंत्री बिष्णु प्रसाद पौडेल और पोखरा के मेयर धनराज आचार्य शनिवार को एक घटना में बाल-बाल बच गए। एक समारोह के दौरान हाइड्रोजन गैस भरे गुब्बारों में आग लग गई। कार्यक्रम में मौजूद उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री पौडेल के अलावा पोखरा के मेयर धनराज की आग की चपेट में आ गए। इसके बाद दोनों नेताओं को एयरलिफ्ट कर राजधानी काठमांडो के बर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों अब खतरे से बाहर हैं।

ब्राजील में विमान दुर्घटना, दो की मौत
ब्राजील के साओ पाउलो राज्य में शनिवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह निजी विमान क्वाड्रा नगरपालिका में वनस्पति में गिरा, जो राज्य की राजधानी से करीब 160 किलोमीटर दूर है। स्थानीय अग्निशामकों ने दो जले हुए शव बरामद किए हैं, लेकिन अधिकारियों ने उनकी पहचान नहीं बताई है। इस दुर्घटना से पहले, ब्राजील की वायु सेना ने इस वर्ष 19 हवाई जहाज दुर्घटनाएं दर्ज की थीं, जिनमें से पांच घातक थीं। 7 फरवरी को, साओ पाउलो में एक और छोटा विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और विमान के मालिक की मौत हो गई। अगस्त 2024 में, साओ पाउलो के पास विन्हेडो में एक विमान दुर्घटना में विमान में सवार सभी 72 लोग मारे गए थे।

लंदन के मार्लेबोन में होटल में लगी भीषण आग
लंदन के मार्लेबोन स्थित एक लग्जरी होटल 'चिल्टर्न फायरहाउस' में भीषण आग लग गई। होटल की इमारत ऐतिहासिक है और यह मशहूर हस्तियों की मेजबानी के लिए मशहूर है। इमारत में आग के बाद करीब 100 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लंदन फायर ब्रिगेड के अनुसार, चिल्टर्न फायरहाउस में शुक्रवार को लगी आग को बुझाने के लिए 100 से अधिक अग्निशमन कर्मियों और 20 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। चिल्टर्न फायरहाउस लंदन के सबसे प्रतिष्ठित स्थानों में से एक है और इस घटना ने शहर के लोगों को झकझोर दिया है। खबरों के मुताबिक, होटल में रविवार को बाफ्टा अवॉर्ड सम्मेलन के बाद नेटफ्लिक्स पार्टी होनी थी। आग लगने के बाद हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इमारत की ग्राउंड फ्लोर की डक्टिंग में शुरू हुई थी आग: फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग दोपहर के बाद इमारत की ग्राउंड फ्लोर की डक्टिंग में शुरू हुई और चार मंजिला होटल की छत तक फैल गई। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed