वर्ल्ड अपडेट्स: क्वात्रा बोले- पूर्वाग्रह पर आत्ममंथन करे USCIRF; हंगरी के पूर्व मंत्री के पास 188 करोड़ नकदी
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी आयोग को करारा जवाब दिया। भारत की आंतरिक न्याय प्रणाली पर सवाल उठाने आयोग से उन्होंने दो-टूक कहा कि उसे अपनी पूर्वाग्रह कार्यप्रणाली पर आत्ममंथन करना चाहिए और दूसरों को उपदेश देना बंद कर देना चाहिए। दरअसल अमेरिकी आयोग- USCIRF ने एक्स पर शरजील इमाम का प्रोफाइल साझा करते हुए उसे धार्मिक स्वतंत्रता की वकालत के लिए हिरासत में लिया गया एक मुस्लिम व्यक्ति बताया। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र इमाम पर फरवरी 2020 के दंगों का मुख्य आरोपी होने का आरोप है। अमेरिकी आयोग के पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताते हुए क्वात्रा ने कहा कि आयोग के पास भारतीय नागरिकों के सांविधानिक अधिकारों पर फैसला सुनाने का कोई अधिकार नहीं है। इस आयोग के आदतन पक्षपातपूर्ण, अधूरी जानकारी पर आधारित और संकीर्ण आकलन भारत की धार्मिक स्वतंत्रता और सभी धर्मों के समान अधिकारों के प्रति सांविधानिक प्रतिबद्धता को कम नहीं कर सकते। क्वात्रा ने साफ किया कि भारत ऐसे एजेंडा संचालित और पक्षपातपूर्ण बयानों से बिना प्रभावित हुए लगातार प्रगति कर रहा है। भारत अमेरिकी आयोग को पक्षपातपूर्ण और विश्वसनीयताहीन संगठन मानता है। 1998 में स्थापित इस अमेरिकी आयोग की सिफारिशें अमेरिकी विदेश विभाग के लिए बाध्यकारी नहीं होती हैं।
हंगरी के पूर्व मंत्री के पास से 188.52 करोड़ जब्त
हंगरी में पूर्व प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान के कार्यकाल में मंत्री रहे मिक्लोस सेस्टाक के खिलाफ रिश्वतखोरी की जांच में करीब 20 मिलियन डॉलर यानी 188.52 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह रकम जंगलों में जमीन के नीचे, खेतों की इमारतों, गोदामों, एक रिहायशी संपत्ति और सुनसान जगह पर रखी तिजोरी में छिपाई गई थी। वित्त मंत्री एंड्रास करमन के मुताबिक, देश के राजकोष के 12 कर्मचारियों को मशीनों की मदद से नकदी गिनने में आठ घंटे लगे। अप्रैल के चुनाव में पीटर मैग्यार ने ओर्बान के 16 साल पुराने शासन का अंत किया था। उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ऑपरेशन पर्गेटरी शुरू किया है। मैग्यार ने बरामदगी को ओर्बान शासन के भ्रष्टाचार के अंत का संकेत बताया। वहीं, सेस्टाक ने किसी भी गड़बड़ी से इन्कार किया है। उनके वकील ने भी कहा कि जब्त नकदी उनकी नहीं है। क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स ने सेस्टाक से संसदीय पद छोड़कर अपना नाम साफ करने को कहा है।
नेपाल के काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 52 वर्षीय भारतीय नागरिक को कथित तौर पर 22 करोड़ नेपाली रुपये (करीब 1.45 लाख अमेरिकी डॉलर) की नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया गया है। द हिमालयन टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र के पुणे निवासी रेवराज तिघारे शनिवार को थाईलैंड से काठमांडू पहुंचे थे। यात्रियों की प्रोफाइलिंग के बाद नारकोटिक्स अधिकारियों ने उनके सामान की तलाशी ली, जिसमें खरगोश और बिल्ली के खाने के पैकेटों में छिपाकर रखी गई 5 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने उनका पासपोर्ट और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि तिघारे पहले भी दो बार लाओस से नेपाल आ चुके हैं। अब जांच एजेंसियां इन यात्राओं के ड्रग्स तस्करी से जुड़े होने की आशंका की पड़ताल कर रही हैं।
ढाका में अवामी लीग के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के अजिमपुर इलाके में पुलिस ने अवामी लीग के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में पश्चिम सहादेबपुर यूनियन इकाई के महासचिव मोहम्मद सोहराब हुसैन उर्फ सुमोन मियां (40), संगठन सचिव मोहम्मद जहांगीर आलम (46) और इकाई के सदस्य मोहम्मद रुसेल अहमद (42) व मोहम्मद मोफिजुल इस्लाम (50) शामिल हैं। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मीडिया उपायुक्त अख्तर हुसैन ने बताया कि लालबाग पुलिस थाने की टीम ने शनिवार रात करीब 10:15 बजे अजिमपुर समाज कल्याण गली में छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इन कार्यकर्ताओं ने 13 नवंबर को अजिमपुर अनाथालय मार्केट के पास अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकाला था। गिरफ्तारी के समय चारों कथित तौर पर हुसैन के घर पर एक गुप्त बैठक कर रहे थे।
अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई जारी
चारों की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। यह कार्रवाई पूर्व प्रधानमंत्री मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी और अब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की सरकार के दौरान भी जारी है। इससे पहले 2 नवंबर को ढाका की एक अदालत ने अवामी लीग के नेता और पूर्व सांसद बीएम मोजम्मेल हक को 2024 के जुलाई विरोध प्रदर्शनों के दौरान हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में गिरफ्तार दिखाने का आदेश दिया था। मामले के शिकायतकर्ता शमीम मियां के अनुसार, 19 जुलाई 2024 को ढाका के भटारा इलाके में हुए प्रदर्शन के दौरान उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चार गोलियां लगी थीं। इलाज के बाद उन्होंने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। बीएम मोजम्मेल हक का नाम भी शुरुआती प्राथमिकी (FIR) में शामिल था।
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में अवैध रूप से सोने की खुदाई के दौरान मिट्टी का टीला ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मजदूर दारा बोकाच इलाके में सोने की खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा टीला उनके ऊपर गिर गया और वे मलबे में दब गए। गाम्बिट पुलिस ने बताया कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। राहत एवं बचाव दल ने मलबे से शवों को निकालकर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी में भी गाम्बिट इलाके में सोने की खुदाई के दौरान इसी तरह मिट्टी का टीला गिरने से आठ लोगों की मौत हुई थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कोहाट में सिंधु नदी के किनारे अवैध रूप से सोने की खुदाई का काम लगातार जारी है।
बांग्लादेश के गारमेंट उद्योग में रविवार को श्रमिकों का आंदोलन फिर तेज हो गया। गाजीपुर के कोनाबाड़ी और मौचक औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शनकारी श्रमिकों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। ताजा हिंसा के बाद 13 कपड़ा फैक्ट्रियां अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गईं, जबकि पांच अन्य में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई। फैक्ट्री मालिकों के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र में कुल 50 इकाइयों में कामकाज प्रभावित हुआ। श्रमिक न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका से बढ़ाकर 30,000 टका करने की मांग कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने 13 प्लाटून तैनात किए हैं। इसके अलावा पुलिस, अंसार बटालियन और 25 कार्यकारी मजिस्ट्रेट भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
30 नवंबर तक वेतन बोर्ड देगा सिफारिश, दिसंबर से लागू हो सकती है नई दर
श्रमिकों के वेतन निर्धारण के लिए गठित न्यूनतम वेतन बोर्ड की बैठक सोमवार को होगी। बोर्ड ने नवंबर के अंत तक नई वेतन संरचना की सिफारिश करने का लक्ष्य रखा है। प्रस्तावित नई दरें एक दिसंबर से लागू होने और जनवरी में पहली बढ़ी हुई सैलरी मिलने की उम्मीद है। बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (बीजीएमईए) बैठक में अपना प्रस्ताव पेश करेगा। हालांकि, संगठन ने आगे की बैठकों में भागीदारी को हालात पर निर्भर बताया है। बांग्लादेश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कपड़ा निर्यातक है। इस उद्योग में 40 लाख से अधिक लोग कार्यरत हैं और देश की 80 प्रतिशत से ज्यादा निर्यात आय इसी क्षेत्र से आती है। लंबे समय तक उत्पादन प्रभावित होने से एचएंडएम, जारा और गैप जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के ऑर्डर और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर असर पड़ सकता है।
संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह में हुए भीषण सड़क हादसे में मारे गए चौथे भारतीय की पहचान 13 वर्षीय आतिफ मोहम्मद इमरान मंसूर के रूप में हुई है। गुजरात का रहने वाला आतिफ अपने परिवार के साथ घूमने गया था। हादसे के वक्त उसका परिवार भारत लौटने के लिए फुजैराह इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहा था। इस दुर्घटना में उसके माता-पिता और बड़ी बहन भी घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुरुवार तड़के हुए इस भीषण हादसे में ट्रकों समेत 23 वाहन आपस में टकरा गए थे। दुर्घटना में कुल 14 लोगों की मौत हुई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, मृतकों में 10 अमीराती और चार भारतीय नागरिक शामिल हैं। वहीं, घायलों में आठ अमीराती, सात भारतीय, दो जॉर्डन, दो पाकिस्तानी, तीन मिस्र, छह ओमानी और दो ब्राजील के नागरिक हैं। हादसे में जान गंवाने वाले तीन अन्य भारतीय केरल के मलप्पुरम जिले के वेंगारा के एक ही परिवार के सदस्य थे। केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने उनकी पहचान मोहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वां बहन मिस्ना जुबिन और तीन वर्षीय भतीजे मोहम्मद फैयस के रूप में की थी। इस बीच, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी ने फुजैराह के अस्पतालों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घायल भारतीयों की स्थिति की जानकारी ली। भारतीय मिशन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है। UAE के लोक अभियोजन की प्रारंभिक जांच के अनुसार, शेख खलीफा बिन जायद रोड पर फुजैराह की ओर जाने वाले मार्ग पर लगातार दो दुर्घटनाएं हुईं। पहली दुर्घटना में एक वाहन सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गया, जबकि दूसरी घटना में दो शिपिंग कंटेनर ले जा रहा एक ट्रक कई वाहनों से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के समय सड़क की दाहिनी लेन रखरखाव कार्य के चलते बंद थी। दूसरी दुर्घटना में शामिल ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया और पूछताछ के बाद आंशिक हिरासत में रखा गया है।
