फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe Trump US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global news

World: इस्राइली हमलों में मारा गया हूतियों का सैन्य कमांडर; भारत-पनामा ने किया अंतर संसदीय मैत्री समूह का गठन

Thu, 16 Oct 2025 08:48 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 16 Oct 2025 08:48 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe Trump US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global news
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

इस्राइल के हवाई हमलों में घायल हूतियों का सैन्य कमांडर अल-गमारी मारा गया

विज्ञापन

यमन में हूती विद्रोहियों के सैन्य कमांडर मेजर जनरल मोहम्मद अल-गमारी की मौत हो गई है। वह अगस्त में हुए इस्राइल के हवाई हमलों में घायल हो गया था। ईरान समर्थित समूह ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। इस घटना के बाद गाजा पट्टी में युद्धविराम के बावजूद एक बार फिर तनाव बढ़ने के आसार हैं। इस बीच, इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि इस्राइली हमले में घायल होने के बाद अल-गमारी की मौत हो गई। अल-गमारी पर सीरिया में दशकों से चल रहे युद्ध में उसकी भूमिका के लिए संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध लगा दिया था।

भारत-पनामा ने किया अंतर संसदीय मैत्री समूह का गठन
भारत और पनामा ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए 20 सदस्यीय अंतर- संसदीय मैत्री समूह का गठन कर दिया है। यह समूह संसदीय कूटनीति को बढ़ावा देगा, सांस्कृतिक और सामाजिक संपर्क स्थापित करेगा। पनामा स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को कहा कि इसी के साथ दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध अब नए चरण में प्रवेश कर गए हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया में कहा कि राजदूत सुमित सेठ, विदेश संबंध आयोग के अध्यक्ष वॉकिरिया चांडलर और भारत पनामा अंतर-संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष जॉर्ज ब्लोइस के साथ पनामा की नेशनल असेंबली के परिसर में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

विज्ञापन

इंडोनेशियाः तेल के जहाज में भीषण विस्फोट, 10 की मौत
इंडोनेशिया के बाटम द्वीप पर एक शिपयार्ड में कच्चे पाम तेल के जहाज में आग लगने के बाद भीषण विस्फोट गया। धमाके की चपेट में 10 लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की हालत गंभीर है। एक अधिकारी ने बताया कि तंजुंगुनकांग बंदरगाह स्थित शिपयार्ड में बुधवार को जहाज की मरम्मत चल रही थी.. तभी उसके टैंक में धमाका हो गया और वहां काम कर रहे कर्मी उसकी चपेट में आ गए।

विज्ञापन

1.37 करोड़ लोग कर रहे गंभीर भुखमरी का सामना 
संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम को दुनियाभर से मिलने वाली सहायता में कटौती के कारण अफगानिस्तान, कांगो, हैती, सोमालिया, दक्षिण सूडान और सूडान में लगभग 1.37 करोड़ लोग गंभीर भुखमरी के खतरे में हैं। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) ने बुधवार को इस खतरे के प्रति चेताया। कहा कि एजेंसी की फंडिंग पहले कभी इतनी चुनौतीपूर्ण नहीं रही। उसे 2025 के लिए 40% कम फंडिंग मिलने की उम्मीद है, जिसके परिणामस्वरूप अनुमानित बजट 6.4 अरब डॉलर होगा, जो 2024 के 10 अरब डॉलर से कम है।
 

विज्ञापन

ट्रंप ने बोस्टन में होने वाले फीफा विश्व कप मैचों को स्थानांतरित करने की दी धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले साल उपनगरीय बोस्टन में होने वाले फीफा विश्व कप मैचों को स्थानांतरित करने की धमकी दी और कहा कि इस शहर के कुछ हिस्सों पर अशांति घर कर गई है। बोस्टन की मेयर और डेमोक्रेट नेता मिशेल वू पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने मंगलवार को कहा, मुझे बोस्टन के लोगों से प्यार है और मुझे पता है कि खेलों के टिकट बिक चुके हैं लेकिन आपकी मेयर अच्छी नहीं हैं। उन्होंने बिना कोई विवरण दिए आरोप लगाया कि वे बोस्टन के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर रही हैं और हम उन्हें दो सेकंड में हटा सकते हैं।

मसालों से बनी रंगोली ने दुबई में बढ़ाई दीपावली उत्सव की रौनक
संस्कृति और सामुदायिक भावना का जीवंत संगम पेश करते हुए दीपावली पर दुबई के एक बाजार में मसालों से ऐसी रंगोली बनाई गई जिसे खाड़ी देश में ‘सबसे बड़ी’ रंगोली बताया जा रहा है। मसालों की रंगोली आठ से 26 अक्तूबर तक वाटरफ्रंट मार्केट में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जा रही है। 6 मीटर लंबाई व 6 मीटर चौड़ाई वाली इस विशाल रंगोली को दालचीनी, हल्दी, मिर्च, धनिया और लौंग समेत 60 किलो से अधिक विभिन्न मसालों से तैयार किया गया है।

ये सभी मसाले वाटरफ्रंट मार्केट से ही लाए गए थे। इस अनूठी कलाकृति ने बाजार के प्रांगण को चटकीले रंगों और सुगंध से भर दिया। इसका ‘दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल एस्टेब्लिशमेंट’ द्वारा शहर भर में आयोजित दिवाली कार्यक्रमों के तहत आधिकारिक तौर पर अनावरण किया गया।  

नेपाल : मधेस प्रांत के नए मुख्यमंत्री बने सोनल
नेपाल के मधेस प्रांत में लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी (लोसपा) के नेता जितेंद्र सोनल को बुधवार को नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है। मधेस प्रांत की प्रमुख सुमित्रा सुवेदी भंडारी ने उन्हें यह पद सौंपा। बुधवार को सोनल ने छह दलों के समर्थन सहित 57 प्रदेश सांसदों के हस्ताक्षर के साथ सरकार गठन का दावा पेश किया था। नेपाली कांग्रेस के नेता कृष्ण प्रसाद यादव ने भी जनमत पार्टी के 13 सांसदों के समर्थन का दावा करते हुए मुख्यमंत्री बनने का दावा पेश किया था। हालांकि, जनमत पार्टी ने बाद में इस दावे का खंडन कर सोनल का समर्थन किया। मुख्यमंत्री की नियुक्ति को लेकर प्रदेश प्रमुख कार्यालय में दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने सामने आए, जिससे हल्का तनाव भी उत्पन्न हुआ। जनमत पार्टी के रुख बदलने के बाद कांग्रेस और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) ने मिलकर सरकार गठन की कोशिश की।

यूक्रेन के रेलवे ढांचों पर हमले बढ़ा रहा रूस
रूस ने जहां इस माह की शुरुआत में ही उत्तर-पूर्वी यूक्रेन के शोस्तका रेलवे स्टेशन पर ड्रोन से हमला किया और ट्रेन के डिब्बों में आग लगा दी तो यूक्रेन ने भी रूस के दक्षिणी बश्कोर्तोस्तान में सबसे बड़े पेट्रोकेमिकल परिसरों में से एक पर हमला कर दिया। यूक्रेनी सैन्य अफसरों ने कहा, रूस के ऐसे हमले मध्य गर्मियों से रेलवे पर हमलों में वृद्धि का संकेत देते हैं, जो वाणिज्यिक और सैन्य रसद के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। शोस्तका में हुए हमले में, विस्फोटकों से लदे दो ड्रोनों ने एक के बाद एक दो यात्री ट्रेनों पर हमला किया। इस बीच यूक्रेनी अधिकारियों ने अमेरिकी हथियार निर्माताओं से मुलाकात की है।

डब्ल्यूटीओ में चीन ने की भारत की शिकायत
चीन ने भारत की इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) और बैटरी से जुड़ी नीतियों के खिलाफ विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में शिकायत की है। चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने आरोप लगाया कि भारत जो सब्सिडी दे रहा है, वह डब्ल्यूटीओ के कई नियमों का उल्लंघन है। ये नीतियां विदेशी कंपनियों के साथ भेदभाव करती हैं और घरेलू उद्योग को अनुचित फायदा पहुंचाती हैं। 

सीरिया में रक्षा मंत्रालय की बस में बम विस्फोट से चार सैनिकों की मौत
सीरिया के पूर्वी भाग में रक्षा मंत्रालय की एक बस में भीषण बम विस्फोट से चार सैनिकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। सरकारी अल-इखबरियाह टीवी ने बताया कि यह विस्फोट बृहस्पतिवार को देइर अल-जौर और मायादीन शहर को जोड़ने वाली सड़क पर तब हुआ, जब सैनिक एक प्रतिष्ठित तेल प्रतिष्ठान की सुरक्षा में तैनाती के लिए जा रहे थे। अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन यह इलाका इस्लामिक स्टेट के स्लीपर सेल का गढ़ माना जाता है, जिसे 2019 में सीरिया में हराया गया था।

ब्रिटेन में 3,000 लोगों ने ठोका जॉनसन एंड जॉनसन पर मुकदमा
दवा और उपभोक्ता उत्पाद बनाने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन (जेएंडजे) पर ब्रिटेन में करीब 3,000 लोगों ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप है कि कंपनी ने जानबूझकर एस्बेस्टस से दूषित बेबी पाउडर वर्षों तक बेचा और उसके खतरों को ग्राहकों से छिपाया। वैज्ञानिक तौर पर यह सिद्ध हो चुका है कि एस्बेस्टस कैंसर का एक प्रमुख कारण है।

ब्रिटेन की एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वादी पक्ष ने अदालत में कुछ आंतरिक दस्तावेजों और वैज्ञानिक रिपोर्टों को सबूत के तौर पर पेश किया है। इनसे यह साबित होता है कि जेएंजे को 1960 के दशक से ही यह जानकारी थी कि उसके टैल्कम पाउडर में ट्रेमोलाइट और एक्टिनोलाइट जैसे रेशेदार खनिज मौजूद हैं। इन्हें एस्बेस्टस का ही एक रूप माना जाता है। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी ने जानकारी के बावजूद उत्पाद पैकेजिंग पर कोई चेतावनी नहीं दी। इसके बदले उसने बेबी पाउडर को शुद्धता और सुरक्षा का प्रतीक बताकर मार्केटिंग अभियानों के जरिये इसे बढ़ावा दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed