World: पाकिस्तान में 4 आतंकी ढेर, 2 पुलिसकर्मी की मौत; पूर्व बांग्लादेशी PM खालिदा जिया की हालत में नहीं सुधार
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की, जिसमें चार आतंकवादी मारे गये तथा छह अन्य घायल हो गये। गोलीबारी में दो कांस्टेबल मारे गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
बांग्लादेश: गंभीर रूप से बीमार पूर्व पीएम खालिदा जिया की हालत में कोई बदलाव नहीं
गंभीर रूप से बीमार बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की स्वास्थ्य स्थिति में अभी भी कोई बदलाव नहीं आया है। उनकी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को यह जानकारी दी। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की 80 वर्षीय अध्यक्ष जिया को 23 नवंबर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब उन्हें सीने में संक्रमण हो गया था, जिससे उनके हृदय और फेफड़े दोनों प्रभावित हुए थे।
चार दिन बाद स्वास्थ्य संबंधी कई जटिलताएं बिगड़ने के बाद खालिदा जिया को कोरोनरी केयर यूनिट में स्थानांतरित कर दिया गया है। बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रूहुल कबीर रिजवी ने कहा कि उनकी शारीरिक स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। रिजवी ने कहा कि उनको इलाज के लिए विदेश ले जाने के बारे में अभी तक कोई सलाह नहीं दी गई है।
पाकिस्तान: पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी के नेता इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर करेंगे प्रदर्शन
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घोषणा की है कि इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) के बाहर विरोध प्रदर्शन के बाद, पार्टी नेता रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली जेल में अपने कैद नेता से मुलाकात करेंगे। 73 वर्षीय खान को 2023 से कई मामलों के सिलसिले में अदियाला जेल में रखा गया है। उन्हें पहली बार उसी साल अगस्त में गिरफ्तार किया गया था।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अफरीदी ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक खान को 4 नवंबर से "पूर्ण अलगाव" में रखा गया है और किसी को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो खान की बहनों, न ही पार्टी नेतृत्व, न ही वकीलों, न ही डॉक्टरों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जिससे उन्हें प्रभावी रूप से पूर्ण एकांत कारावास में रखा जा रहा है, उन्होंने स्थिति को "अत्यधिक चिंताजनक" बताया।
मलयेशिया के दूसरे बड़े राज्य सबा में हार से पीएम इब्राहिम को झटका
यह उनके लिए तीन वर्षों में सबसे कठिन राजनीतिक परीक्षा रही। देश के सबसे बड़े दूसरे और गरीब राज्य में अनवर की गठबंधन पार्टी पकातन हरापन (पीएच) ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन सिर्फ एक सीट जीती। इससे पहले उसके पास सबा में सात सीटें थीं। मलयेशिया विश्वविद्यालय में एक एसोसिएट प्रोफेसर ली कुओक तियुंग कहते हैं, सबा चुनाव के नतीजों से पता चलता है कि अनवर का गठबंधन बहुत बुरी तरह से हार गया।
हार के बाद भी सत्ता बरकरार
हालांकि, पीएच की हार के बाद भी अनवर की संघीय सरकार से जुड़े राज्य-आधारित पार्टियों के गठबंध गबुंगन राक्यत सबा (जीआरएस) ने राज्य की सत्ता बनाए रखी। जीआरएस को सबा में अनवर के गठबंधन के साथ अपने संबंधों को लेकर दबाव का सामना करना पड़ा, क्योंकि इस राज्य में ज्यादा स्वायत्तता की मांग तेजी से बढ़ रही है। अनवर ने जीआरएस नेता हाजीजी नूर को दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी।
ब्रिटिश संसद में लेबर पार्टी के सांसद जॉन मैकडॉनेल ने बलूचिस्तान में मानवाधिकार स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पाकिस्तानी बलों के जरिये सरकार समर्थित अपहरणों और ड्रोन हमलों पर ध्यान आकर्षित किया। मैकडॉनेल ने हाउस ऑफ कॉमन्स में तीन लिखित संसदीय प्रश्न और एक अर्ली डे मोशन दायर किया है।
फ्रांस: घर में लगी आग में दंपती समेत पांच लोगों की मौत
पूर्वी फ्रांस के एक कस्बे में आग लगने से एक घर में मौजूद पांच लोगों की मौत हो गई। म्यूर्थ-ए-मोसेले विभाग ने रविवार को बताया कि न्यूवेस-मैसंस शहर में लगी आग पर काबू पाने के लिए रातभर 70 दमकलकर्मी व लगभग 40 वाहनों को तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी महसूस करने वाले छठे व्यक्ति का इलाज किया जा रहा है। वह खतरे से बाहर है। पीड़ितों में दंपती और 17 से 20 वर्ष की आयु के तीन युवा शामिल थे।
चीन में रविवार को 37 लाख से अधिक लोगों ने राष्ट्रीय सिविल सेवा परीक्षा दी। चीन में सिविल सेवा के लिए उम्र सीमा को 35 साल से अधिक बढ़ाने के बाद यह पहली राष्ट्रीय परीक्षा थी। यह रिकॉर्ड संख्या देश में बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी नौकरियों की मांग को दर्शाती है। राज्य संचालित समाचार एजेंसी ने बताया कि इस परीक्षा में औसतन प्रति सीट 98 आवेदक प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इन रिक्तियों में से लगभग 70 प्रतिशत कॉलेज के नए स्नातकों के लिए आरक्षित हैं।
सीरिया में लोकतंत्र अभी दूर, पर सुधार अच्छा : एमनेस्टी इंटरनेशनल
गैर सरकारी वैश्विक मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल की महासचिव एग्नेस कैलामार्ड ने शनिवार को कहा कि सीरिया में नई सरकार ने सुधारों और संक्रमणकालीन न्याय के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है, लेकिन लोकतंत्र की कमी अभी भी है। बशर असद की सरकार गिरने के एक साल बाद कैलामार्ड का कहना है कि कानूनी सुधार योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार समूहों का स्वागत होना सकारात्मक संकेत है।
ताइवान : चीनी सेना के 25 विमानों ने क्रॉस की मध्य रेखा
ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने रविवार को बताया कि उनके क्षेत्र के आसपास चीन के पीएलए के 27 विमानों, 11 नौसैनिक जहाजों और तीन सरकारी जहाजों को देखा गया। एमएनडी के अनुसार, 27 विमानों में से 25 विमानों ने मध्य रेखा को पार किया और ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी एडीआईजेड में प्रवेश किया। इन विमानों में शेनयांग जे-16 और भारी बॉम्बर शियान एच-6 शामिल थे। एमएनडी ने कहा कि वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं और जवाब दे रहे हैं। ताइवान ने कहा कि चीन जापान के साथ तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोमवार को पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। यह बैठक यूक्रेन युद्ध में संभावित युद्धविरोधी समझौते के लिए चल रही कूटनीतिक कोशिशों का हिस्सा है। इससे पहले ज़ेलेंस्की की अमेरिकी अधिकारियों के साथ फ्लोरिडा में बैठक हुई, जहां यूएस प्रस्तावित शांति योजना में बदलावों पर चर्चा हुई। यूरोपीय देशों ने इस योजना को रूस के पक्ष में झुकी होने की आलोचना की है। मैक्रों ने कहा कि दोनों नेता न्यायसंगत और स्थायी शांति की शर्तों पर बात करेंगे। इसी बीच ट्रंप ने 28 सूत्रीय योजना को केवल फाइन-ट्यून होने वाला कॉन्सेप्ट बताया है।
रूस ने ऊर्जा ढांचे पर यूक्रेनी हमलों को बताया उत्तेजक
रूस ने यूक्रेन द्वारा सप्ताहांत में किए गए तेल ढांचे पर हमलों की कड़ी निंदा की है। हमलों में कास्पियन पाइपलाइन कंसोर्टियम (सीपीसी) के स्वामित्व वाले एक प्रमुख टर्मिनल को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद वहां संचालन रोक दिया गया। इससे पहले ब्लैक सी में रूस के कथित शैडो फ्लीट टैंकरों को भी निशाना बनाया गया था। यूक्रेन ने इन हमलों की पुष्टि की है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इन घटनाओं को अत्यंत अपमानजनक कहा। इसी दौरान रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेनाओं ने रात में 32 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। दागेस्तान के कस्पीयस्क शहर में एक अपार्टमेंट ब्लॉक को भी नुकसान पहुंचा, जो मोर्चे से 1000 किलोमीटर दूर स्थित है।
ट्रंप बोले- MRI की रिपोर्ट जारी करने को तैयार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे अक्टूबर में कराए गए अपने एमआरआई टेस्ट की रिपोर्ट सार्वजनिक करने के लिए तैयार हैं। फ्लोरिडा से वॉशिंगटन लौटते समय पत्रकारों के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि टेस्ट का नतीजा “परफेक्ट” आया है। व्हाइट हाउस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि ट्रंप का एमआरआई किस हिस्से का किया गया था। प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने केवल इतना बताया कि यह ‘रूटीन फिजिकल एग्जाम’ का हिस्सा था और रिपोर्ट में ट्रंप को “बेहद स्वस्थ” बताया गया है। ट्रंप ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि उन्हें यह नहीं पता कि एमआरआई किस हिस्से का हुआ था, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि दिमाग का टेस्ट नहीं था क्योंकि वे पहले ही कॉग्निटिव टेस्ट ‘टॉप स्कोर’ से पास कर चुके हैं।
पाकिस्तान की एंटी-टेरर कोर्ट ने इमरान खान की बहन अलीमा की याचिका खारिज की
पाकिस्तान की एंटी-टेररिज्म कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान की वह याचिका खारिज कर दी है, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज आतंकवाद के आरोप हटाने की मांग की थी। अलीमा पर नवंबर 2024 में पीटीआई द्वारा बुलाए गए प्रदर्शन में शामिल होने, पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और नारेबाजी के आरोप हैं। मामला रावलपिंडी के सादिकाबाद थाने में दर्ज है और उनके साथ 11 अन्य लोगों पर भी यही आरोप लगाए गए हैं। अलीमा ने आतंकवाद की धारा सात हटाने की मांग की थी, लेकिन जज अमजद अली शाह ने कहा कि धारा सात सही तरीके से लागू होती है और अदालत के पास पूरा अधिकार है। अलीमा कई सुनवाईयों में गैरहाजिर रहीं और 11 गिरफ्तारी वारंट के बाद 20 नवंबर को अदालत में पेश हुईं। कोर्ट ने अगली सुनवाई 4 दिसंबर तय की है।
सऊदी मध्यस्थता विफल, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बातचीत बिना नतीजे खत्म
सऊदी अरब की मध्यस्थता में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हुई ताजा बातचीत बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। रियाद में हुई यह बैठक रविवार देर रात खत्म हुई, जिसमें दोनों देशों ने आतंकवाद और सीमा सुरक्षा को लेकर अपने पुराने कठोर रुख से पीछे हटने से इंकार कर दिया। डॉन अखबार के अनुसार, तुर्किये और कतर की सह-मध्यस्थता से चली यह बातचीत तनाव कम करने के प्रयासों का हिस्सा थी, लेकिन कोई प्रगति नहीं हो सकी। सऊदी अधिकारियों ने पाकिस्तान को सुझाव दिया था कि आतंकवाद पर वार्ता जारी रहते हुए व्यापार फिर शुरू किया जा सकता है, लेकिन पाकिस्तान ने इसे ठुकरा दिया। दोनों देशों के बीच संबंध हाल के महीनों में बिगड़े हैं क्योंकि पाकिस्तान, अफगान सरकार पर टीटीपी को पनाह देने का आरोप लगाता है, जबकि काबुल इन आरोपों से इनकार करता है। नई बैठक आगे हो सकती है, लेकिन फिलहाल प्रक्रिया ठहर गई है।