फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News hindi asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi

World: नेपाली संसद भंग के खिलाफ CPN-UML सुप्रीम कोर्ट पहुंची; बांग्लादेश में युनूस सरकार के पोर्ट सौदे पर बवाल

Tue, 25 Nov 2025 09:25 PM IST
लव गौर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Tue, 25 Nov 2025 09:25 PM IST
विज्ञापन
World News hindi asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
नेपाल के अपदस्थ प्रधानमंत्री केपी ओली की पार्टी सीपीएन-यूएमएल ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर प्रतिनिधि सभा (संसद का निचला सदन) को बहाल करने की मांग की। पार्टी का कहना है कि सदन को भंग करने का फैसला असांविधानिक है।
विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, यह याचिका पूर्व मुख्य सचेतक महेश बार्टोला और सचेतक सुनीता बराल ने पार्टी की ओर से दाखिल की है। कोर्ट के सूचना अधिकारी निरंजन पांडे ने बताया कि याचिका की जांच चल रही है और बुधवार को यह तय होगा कि इसे पंजीकृत किया जाए या नहीं। याचिकाकर्ताओं ने सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री बनाए जाने को भी असांविधानिक बताया है और उनकी नियुक्ति रद्द करने की मांग की है।
विज्ञापन


प्रतिनिधि सभा को बहाल करने की मांग वाली एक और याचिका पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। एक दर्जन वकील पहले ही एक रिट याचिका दायर कर शीर्ष अदालत से निचले सदन की बहाली की मांग कर चुके हैं। सितंबर में राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने जेन-जी आंदोलन के दबाव में ओली के इस्तीफे के बाद सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री नियुक्त किया था और इसके बाद सदन को भंग कर 5 मार्च को देश में नए चुनाव की घोषणा की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


स्लोवेनिया में जनमत संग्रह में खारिज हुई इच्छामृत्यु
स्लोवेनिया के लोगों ने एक जनमत संग्रह में उस कानून को खारिज कर दिया, जो लाइलाज बीमारी से पीड़ित लोगों को अपना जीवन खत्म करने की अनुमति देता था। चुनाव प्राधिकारियों द्वारा जारी प्रारंभिक नतीजों में यह जानकारी सामने आई। लगभग पूरी हो चुकी मतगणना के अनुसार, करीब 53% मतदाताओं ने इस कानून के खिलाफ मतदान किया जबकि लगभग 46% ने इसके पक्ष में वोट दिया।

चुनाव आयोग ने कहा कि मतदान लगभग 50% रहा। इच्छामृत्यु के खिलाफ अभियान का नेतृत्व करने वाले रूढ़िवादी कार्यकर्ता एलेस प्रिम्क ने कहा, करुणा की जीत हुई है। स्लोवेनिया ने जहर देकर मौत की नीति पर आधारित सरकारी स्वास्थ्य, पेंशन और सामाजिक सुधारों को अस्वीकार कर दिया है। यूरोपीय संघ (ईयू) के इस छोटे से देश की संसद ने यह कानून जुलाई में पारित किया था। पिछले वर्ष हुए एक गैर-बाध्यकारी जनमत संग्रह में लोगों ने इसका समर्थन किया था।

चीन ने 22 शेनझोउ अंतरिक्ष यान लॉन्च किया, अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए तैयारी
चीन ने मंगलवार को शेनझोउ 22 अंतरिक्ष यान लॉन्च किया। इसे भविष्य में तीन अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जो 1 नवंबर को तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पहुंचे थे। इससे पहले इस महीने, शेनझोउ 20 मिशन के अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौटने में नौ दिन की देरी का सामना कर रहे थे, क्योंकि उनके यान की खिड़की टूट गई थी। उन्हें अंत में शेनझोउ 21 यान से सुरक्षित लौटाया गया।

दूसरी ओर, शेनझोउ 20 यान, जो अभी भी अंतरिक्ष में है, को बाद में पृथ्वी पर लाकर उसकी सुरक्षा जांच की जाएगी, क्योंकि यह अंतरिक्ष यात्रियों को वापस लाने के लिए सुरक्षित नहीं माना गया। चीन ने हाल के वर्षों में तियांगोंग स्पेस स्टेशन के लिए कई मिशन किए हैं और इसे धीरे-धीरे बनाया है। चीन को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से बाहर रखा गया था, इसलिए उसने तियांगोंग (Heavenly Palace) विकसित किया। यह स्टेशन पहले मिशन में 2021 में अंतरिक्ष यात्रियों को होस्ट कर चुका है और यह अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से छोटा है।

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने तीन अफगान आतंकवादियों को मार गिराया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर खैबर जिले के मदियांक क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसके परिणामस्वरूप तीन आतंकवादी मारे गए, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि मारे गए सभी आतंकवादी अफगान नागरिक थे, जो सीमा पार कर आए थे। उनके कब्जे से हथियार और गोलाबारूद बरामद किया गया। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में शांति बहाल करने तथा आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चल रहे प्रयासों का हिस्सा है। इसके अलावा, दक्षिण वजीरिस्तान जिले में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के कारण हुए विस्फोट में एक युवा चरवाहे की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना मिलान तोई क्षेत्र में घटी, जहां एक जोरदार धमाके के साथ उपकरण में विस्फोट हो गया।

ब्राजील : प्राइड मार्च में बोल्सोनारो को जेल भेजने पर खुशी
ब्राजील में रियो डी जेनेरियो की सालाना ‘प्राइड परेड’ के लिए कोपाकबाना के बोर्डवॉक पर हजारों लोग जुटे और देश के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को एक दिन पूर्व एहतियाती तौर पर जेल भेजे जाने का जश्न मनाया। प्रदर्शनकारी ट्रकों पर सवार थे और उन्होंने लोगों से कहा, बोल्सोनारो जेल में हैं। उन्होंने इसी खुशी में ‘बोल्सोनारो बाहर जाओ’ जैसे नारे भी लगाए।
बोल्सोनारो को 2022 की चुनावी हार के बाद सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की कोशिश करने के जुर्म में सितंबर में 27 वर्ष की सजा सुनाई गई थी।

फिलीपीन : फ्लड प्रोजेक्ट से जुड़े भ्रष्टाचार में सात और पकड़े गए
फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा कि अधिकारियों ने बाढ़ नियंत्रण परियोजनों (फ्लड प्रोजेक्ट) से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में सात और संदिग्धों को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है। लगभग 48 लाख डॉलर के घोटाले में स्थानीय कांग्रेस यानी संसद के कई पूर्व प्रतिनिधि और लोक निर्माण विभाग के एक दर्जन से अधिक अभियंता शामिल हैं। मामले के सामने आने के बाद गरीबी से जूझ रहे दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में एक बार फिर गुस्सा उबल रहा है। 

मलयेशिया में बाढ़ से सात प्रांतों के 11 हजार लोग हुए प्रभावित
मलयेशिया में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से सात राज्यों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है और 11 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट के मुताबिक, केदाह, केलंतन, पेनांग, पेराक, पर्लिस, तेरेंगानु और सेलांगोर प्रांत में 3,839 परिवारों के 11,009 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इनमें थाइलैंड की सीमा से सटा उत्तर-पूर्वी राज्य केलंतन में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां 8,228 लोग प्रभावित हुए हैं। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। 

 

पाकिस्तान में महंगाई की मार, 500 रुपये प्रति किलो बिक रहा प्याज
अफगानिस्तान के साथ व्यापार रुकने से पाकिस्तान के पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में फलों और सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं। यहां आलू 200 से 300 पाकिस्तानी रुपये और प्याज 400-500 रुपये प्रति किलो बिक रही है। लहसुन 600 और अदरक के दाम 800 तक पहुंच गए हैं। हालांकि, चिकन की कीमतें कम हुई हैं। सिंतबर में 700- 800 रुपये किलो मिलने वाला चिकन अब 350-360 किलो मिल रहा है। 

बंदूकधारियों ने यमनी अधिकारी के काफिले पर किया हमला, 5 सुरक्षा अधिकारियों की मौत

बंदूकधारियों ने सोमवार को ताइज के गवर्नर के काफिले पर गोलीबारी की, जिसमें कम से कम पांच सुरक्षा अधिकारी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। प्रांत के प्रवक्ता मोहम्मद अब्देल-रहमान ने बताया कि नबील शमसन को निशाना बनाकर किया गया यह हमला तैज़ को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली एक प्रमुख सड़क पर हुआ। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में दो हमलावर मारे गए।

किसी भी समूह ने तत्काल हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। एक बयान में गवर्नर कार्यालय ने कहा कि सुरक्षा और सैन्य बल हमले के पीछे के लोगों को न्याय के दायरे में लाने के लिए काम कर रहे हैं।

न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची चोटी पर 2 पर्वतारोहियों की मौत, 2 को बचाया 

न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची चोटी आओराकी पर दो पर्वतारोहियों की मौत हो गई, जबकि उसी समूह के दो अन्य को बचा लिया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्र कमांडर इंस्पेक्टर विकी वॉकर ने बताया कि मृत पर्वतारोहियों के शव मिल गए हैं और विशेषज्ञ खोजकर्ता उन्हें "एक चुनौतीपूर्ण अल्पाइन वातावरण में" खोजने के लिए काम कर रहे हैं। किसी भी पर्वतारोही की सार्वजनिक रूप से पहचान नहीं की गई है।

सार्जेंट केविन मैकएरलेन ने द टिमारू हेराल्ड को बताया कि जब वे माउंट कुक के नाम से भी जाने जाने वाले आओराकी के शिखर के पास गिरे तो दोनों को एक रस्सी से बांध दिया गया था।

स्थानीय समयानुसार सोमवार देर रात अधिकारियों को पता चला कि न्यूज़ीलैंड के दक्षिणी द्वीप पर स्थित इस पर्वत पर चार पर्वतारोहियों को मदद की जरूरत है। वॉकर ने बताया कि मंगलवार सुबह तड़के हेलीकॉप्टर से दो पर्वतारोहियों को बचा लिया गया। वे सुरक्षित थे। दो हेलीकॉप्टरों में खोजकर्ता रात भर अन्य पर्वतारोहियों की तलाश करते रहे, जो कुछ घंटों बाद मृत पाए गए।

नई ETA योजना में यूके जाने वालों को अग्रिम मंजूरी
सोमवार को ब्रिटेन सरकार द्वारा घोषित नए नियमों के तहत, अब तक वीजा-मुक्त देशों से आने वाले अंतरराष्ट्रीय आगंतुक इलेक्ट्रॉनिक यात्रा प्राधिकरण (ईटीए) के रूप में अग्रिम अनुमति के बिना यूके यात्रा नहीं कर पाएंगे। अमेरिका, कनाडा और फ्रांस सहित 85 देशों के आगंतुकों (जिन्हें अब तक अग्रिम मंजूरी की जरूरत नहीं थी) को यूके में प्रवेश से पहले 25 फरवरी, 2026 से ईटीए के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। भारतीयों को यूके की यात्रा के लिए पहले से ही विभिन्न श्रेणियों के वीजा की जरूरत होती है और इस विशेष परिवर्तन से वे अप्रभावित रहेंगे। ब्रिटिश प्रवासन-नागरिकता मंत्री माइक टैप ने कहा, ईटीए यात्रियों के लिए भी बेहतर हैं। 

बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के पोर्ट सौदे पर हंगामा
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी ने देश के दो बड़े बंदरगाहों को विदेशी कंपनियों को लंबी अवधि के लिए सौंपने के अंतरिम सरकार के फैसले पर कड़ा विरोध जताया है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तारीक रहमान ने कहा कि अनिर्वाचित सरकार को देश की दीर्घकालिक नीतियों का फैसला करने का अधिकार नहीं है। सरकार ने एपीएम टर्मिनल्स को चट्टोग्राम के नए ललदिया कंटेनर टर्मिनल का 30 साल और स्विट्जरलैंड की मेडलॉग को पांगाओन टर्मिनल का 22 साल का संचालन सौंपा है। इन समझौतों में 10 साल की 100 प्रतिशत टैक्स छूट भी शामिल है।
अर्थशास्त्रियों, शिक्षाविदों और वकीलों ने इन सौदों को देशहित के खिलाफ बताया और अनुबंध सार्वजनिक करने की मांग की है। इस मुद्दे पर अदालत में दायर एक अन्य याचिका पर फैसला 4 दिसंबर को आने की संभावना है।
 

रूस ने गुप्त सैन्य उपग्रहों का किया सफल प्रक्षेपण
रूस ने मंगलवार को अपने नए अंगारा-1.2 हल्के रॉकेट के जरिए गुप्त सैन्य उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण किया। यह लॉन्च प्लीसेत्स्क कोस्मोड्रोम से शाम 4:42 बजे (मॉस्को समय) किया गया, जो दुनिया का सबसे उत्तरी स्पेसपोर्ट माना जाता है और आर्खान्गेल्स्क इलाके में स्थित है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिशन 'रक्षा मंत्रालय के हितों' के लिए किया गया है। उपग्रह कितने थे और उनका काम क्या है, इसकी जानकारी साझा नहीं की गई। प्रक्षेपण रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज के एक विशेष कॉम्बैट क्रू ने पूरा किया। अंगारा रॉकेट परिवार रूस की नई पीढ़ी की लॉन्च प्रणाली है, जिसे पुराने सोवियत जमाने के रॉकेटों की जगह लेने के लिए विकसित किया गया है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed