{"_id":"6aeb82a50c82d47d73076e0a","slug":"midterm-elections-lost-due-to-iran-war-trump-acknowledges-says-actions-will-continue-what-else-did-he-say-2026-11-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"'ईरान युद्ध के कारण हारे मध्यावधि चुनाव': ट्रंप ने भी माना वजह, कहा- आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई; और क्या बोले","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
'ईरान युद्ध के कारण हारे मध्यावधि चुनाव': ट्रंप ने भी माना वजह, कहा- आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई; और क्या बोले
Thu, 05 Nov 2026 12:38 AM IST
प्रशांत तिवारी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Thu, 05 Nov 2026 12:38 AM IST
सार
ईरान के साथ चल रहे युद्ध को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव में मिली हार की वजह बताई है। इसके साथ ही उन्होंने इस बात का भी संकेत दिया है कि तेहरान के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को माना कि ईरान के साथ जारी युद्ध का असर मध्यावधि चुनावों पर पड़ा है। उन्होंने संकेत दिया कि युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आई तेजी से अमेरिकी मतदाता नाराज थे। हालांकि, ट्रंप ने यह भी साफ कर दिया कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करना जरूरी था और अमेरिका आगे भी इसे जारी रखेगा।
विज्ञापन
पेट्रोल की कीमतें बढ़ने से बिगड़ा चुनावी गणित
मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि युद्ध की वजह से कुछ समय के लिए पेट्रोल की कीमतें बढ़ गईं। लेकिन अगर मुझे दोबारा यही फैसला लेना पड़े, तो मैं फिर ऐसा ही करूंगा। लंबे समय के लिहाज से यही एकमात्र रास्ता है। हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की इजाजत नहीं दे सकते।'
विज्ञापन
'मैं चुनाव लड़ता तो हमारी जीत होती'
चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर ट्रंप ने अपनी लोकप्रियता का भी जिक्र किया। उनका दावा है कि व्यक्तिगत तौर पर उन्हें अब भी लोगों का जबरदस्त समर्थन हासिल है, लेकिन वह समर्थन पार्टी के दूसरे उम्मीदवारों को नहीं मिल पाया। ट्रंप ने कहा कि उनकी रैलियों में हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। वहां लोगों का उत्साह और प्यार देखने लायक होता है। अगर वह खुद चुनावी मैदान में होते, तो नतीजा कुछ और होता। हालांकि, उनकी लोकप्रियता का फायदा पार्टी के दूसरे उम्मीदवार नहीं उठा सके।
विज्ञापन
ईरान पर कार्रवाई के फैसले को सही ठहराया
ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान का बचाव किया। उनका कहना है कि अमेरिका के सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं था। उन्होंने माना कि युद्ध के कारण तेल की कीमतें बढ़ने का अंदेशा था, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई करना जरूरी था। ट्रंप के मुताबिक, ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना अमेरिका की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। भले ही युद्ध की वजह से आर्थिक और राजनीतिक नुकसान उठाना पड़े, लेकिन ईरान को परमाणु ताकत बनने से रोकना ज्यादा अहम है।
होर्मुज से तेल की सप्लाई शुरू होने का दिया हवाला
ट्रंप ने पेट्रोल और तेल की बढ़ती कीमतों के लिए युद्ध से ज्यादा तेल की सप्लाई में आई रुकावट को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध की शुरुआत में होर्मुज के रास्ते तेल की सप्लाई लगभग ठप हो गई थी, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। लोगों की नाराजगी की असली वजह युद्ध नहीं, बल्कि पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतें थीं। होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह की रुकावट का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ता है। यही वजह है कि ईरान के साथ तनाव बढ़ने पर अमेरिका समेत कई देशों में ईंधन की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी मध्यावधि चुनाव: नतीजों पर खामेनेई की दो टूक, कहा- समझौते की उम्मीद करना बड़ी भूल, हम नहीं बदलेगें रुख
जेडी वेंस ने प्रतिक्रिया देते हुए क्या-क्या कहा?
वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हमारी तरफ के डेटा विश्लेषकों का एक बड़ा मुद्दा यह था कि मतदाताओं की संरचना 2024 के चुनाव जैसी है या नहीं, ताकि रिपब्लिकन जीत सकें। डेमोक्रेट्स की बड़ी जीत दिखाने वाले सर्वेक्षणों के बावजूद आंकड़े लगातार यही बता रहे थे कि कुछ राज्यों में मतदान ठीक रहा, कुछ राज्यों में बेहद शानदार रहा और किसी भी राज्य में मतदान की स्थिति खराब नहीं थी। हमारी टीम में वास्तविक उम्मीद थी कि हमारे समर्थक वोट डालने पहुंच रहे हैं।' हालांकि, वेंस ने बताया कि आंकड़ों का विश्लेषण करने वाले विशेषज्ञों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि केवल मतदान प्रतिशत अच्छा रहने से जीत सुनिश्चित नहीं होगी। 2024 में ट्रंप-वेंस को वोट देने वाले मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा इस बार डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट देने की योजना बना रहा था।