Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world-news-updates-hindi-us-helicopter-crash-bangladesh-gaza-war-israel-pakistan-us-syria-Afghanistan TTP

वर्ल्ड अपडेट्स: अमेरिका के मियामी में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत और दो गंभीर रूप से घायल

Thu, 05 Nov 2026 01:29 AM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Thu, 05 Nov 2026 01:29 AM IST
विज्ञापन
world-news-updates-hindi-us-helicopter-crash-bangladesh-gaza-war-israel-pakistan-us-syria-Afghanistan TTP
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
अमेरिका के मियामी के पास बुधवार को एक हेलिकॉप्टर बिस्केन खाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मियामी-डेड काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, हेलिकॉप्टर दोपहर से कुछ समय पहले की बिस्केन के पास बिल बैग्स स्टेट पार्क के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हुआ। अमेरिकी तटरक्षक बल ने पुष्टि की कि हेलिकॉप्टर में सवार तीन लोगों में से एक की मौत हो गई, जबकि अन्य दो को स्थानीय ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। 
विज्ञापन


राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के अनुसार, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि रॉबिन्सन आर44 II हेलिकॉप्टर संभवतः फोटोग्राफी के लिए उड़ान पर था। हादसे के बाद तटरक्षक बल के अलावा कई स्थानीय एजेंसियों के दमकलकर्मियों ने भी बचाव अभियान चलाया। अधिकारियों ने हेलिकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान तत्काल सार्वजनिक नहीं की।
विज्ञापन
Trending Videos

रूस के हमलों से कीव में बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित, यूक्रेन के गांव में मृतकों की संख्या 40 हुई
रूस के हमलों के कारण बुधवार को यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में कई घंटों तक बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित रही। वहीं, राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि दक्षिणी यूक्रेन के एक प्रभावित गांव में मृतकों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। यह पिछले करीब पांच वर्षों से जारी युद्ध के दौरान वहां हुए सबसे घातक हमलों में से एक है।

सोमवार को रूस के कई गाइडेड बम अग्रिम मोर्चे के पास जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा गांव में एक पुराने स्कूल और उसके पास बने आश्रय स्थल पर गिरे थे। उस समय वहां के निवासी मानवीय सहायता का इंतजार कर रहे थे। जेलेंस्की ने कहा कि हमले में मारे गए लोगों के अलावा करीब 30 अन्य लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "दुर्भाग्य से, इस भयावह हमले पर दुनिया की प्रतिक्रिया बेहद सीमित रही है। लेकिन रूस ने यूक्रेन और यूक्रेन के लोगों के खिलाफ हजारों युद्ध अपराध किए हैं। इस हमले पर भी कड़ी प्रतिक्रिया की जरूरत है। अगर बुराई का जवाब नहीं दिया जाता, तो वह और आगे बढ़ती है।"
विज्ञापन

नैरोबी में दो हफ्ते बाद मलबे से निकले तीन और शव, पांच की मौत; 16 लोग अब भी लापता
केन्या की राजधानी नैरोबी में 23 अक्तूबर को ढही 18 मंजिला इमारत के मलबे से गुरुवार सुबह तीन और शव निकाले गए। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस के मुताबिक, बचाव अभियान अब अंतिम चरण में है। हादसे के बाद चार लोगों को जिंदा बचाया गया था, जबकि 16 लोग अब भी लापता हैं। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर निर्माण कार्य चल रहा था, जबकि भूतल और बेसमेंट में इलेक्ट्रॉनिक्स, किराना, कपड़े और कसाई की दुकानें संचालित हो रही थीं। नैरोबी के गवर्नर जॉनसन सकाजा ने बताया कि इमारत के निर्माण को मंजूरी नहीं मिली थी और तैयार मंजिलों को किराये पर देना भी गैरकानूनी था। उन्होंने निर्माण नियमों को लागू करने में लापरवाही और डेवलपर पर मामूली जुर्माने को ऐसे हादसों की वजह बताया। मामले में डेवलपर से पूछताछ की गई है, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, केन्या में पिछले पांच वर्षों में इमारतें ढहने की 98 घटनाएं हुई हैं, जिनमें 104 लोगों की मौत और 80 लोग घायल हुए हैं।
विज्ञापन

पाकिस्तान से 28 लाख से ज्यादा अफगान नागरिक निर्वासित, पंजाब से 1.43 लाख से अधिक लोगों को निकाला
पाकिस्तान ने वर्ष 2023 से अब तक 28 लाख से अधिक अफगान नागरिकों को देश से निर्वासित किया है। इनमें पंजाब प्रांत से निकाले गए 1,43,474 अफगान नागरिक शामिल हैं। पंजाब सरकार के गृह विभाग के विदेशी नागरिक सुरक्षा प्रकोष्ठ ने गुरुवार को यह जानकारी दी। विभाग के मुताबिक, प्रांत में अवैध रूप से रह रहे अफगान नागरिकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। यह कार्रवाई संघीय सरकार की नीति के तहत की जा रही है, जिसके अनुसार वैध वीजा के बिना पाकिस्तान में किसी भी अफगान नागरिक का रहना गैरकानूनी है। विभाग ने बताया कि ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर अस्थायी केंद्रों में रखा जा रहा है। फिलहाल पंजाब में 39 केंद्र काम कर रहे हैं, जहां ठहरने, पंजीकरण और देश वापसी की व्यवस्था है। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिरासत में लिए गए लोगों को तोरखम सीमा पर अफगान अधिकारियों को सौंप दिया जाता है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों ने पाकिस्तान से अफगान नागरिकों का निर्वासन रोकने की अपील की है। उनका कहना है कि वापस भेजे जाने वाले लोगों को उत्पीड़न, यातना और मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का खतरा हो सकता है।

पाकिस्तान: पेशावर में सिलेंडर ब्लास्ट, छत गिरने से 3 सगे भाइयों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में गुरुवार को एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद घर की छत ढह गई, जिसके मलबे में दबकर तीन सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों व गंभीर बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल घायल महिला और बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अमेरिका: नॉर्थ जॉर्जिया में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड, छतों तक पहुंचा पानी

अमेरिका के नॉर्थ जॉर्जिया में बुधवार रात से हो रही मुसलाधार बारिश और गरज-चमक के साथ आए तूफानों ने भारी तबाही मचाई है, जिससे मैकेसविले (McCaysville) शहर में जीवन को खतरे में डालने वाली बाढ़ आ गई है। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, इलाके में 3 से 5 इंच तक बारिश दर्ज की गई है, जिसके चलते कई मकान पानी में डूब गए हैं और पानी छतों के ऊपर तक पहुंच गया है। राहत कर्मियों ने रात भर में 30 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया है, लेकिन तेज बहाव और खतरनाक स्थितियों के कारण कई इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। आपातकालीन एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि बारिश थमने के बाद भी बाढ़ का पानी बेहद खतरनाक बना हुआ है।

ब्रिटेन: कॉमेडियन रसेल ब्रांड रेप और यौन उत्पीड़न के मामलों में दोषी करार

ब्रिटिश कॉमेडियन और अभिनेता रसेल ब्रांड को लंदन की एक अदालत ने गुरुवार को 20 साल से भी अधिक पुराने मामलों में रेप और यौन उत्पीड़न (Sexual Assault) के आरोपों में दोषी करार दिया है। 51 वर्षीय रसेल ब्रांड पर एक मामले में बलात्कार और तीन मामलों में यौन उत्पीड़न का दोष साबित हुआ है, जिसके बाद जज जोएल बेनाथन ने उन्हें जेल की सजा सुनाए जाने की पुष्टि की है। अदालत में अभियोजक पक्ष ने ब्रांड को एक क्रूर और चालाक "यौन शिकारी" बताया, हालांकि ब्रांड ने अपने बचाव में कहा कि वे भले ही अतीत में कामुक जीवनशैली जीते थे, लेकिन उन्होंने कभी किसी की सहमति के बिना कुछ नहीं किया।

जर्मनी की कंजर्वेटिव पार्टी के नेता हुबर्ट आइवांगर होटल में मृत मिले
जर्मनी के कंजर्वेटिव नेता हुबर्ट आइवांगर बर्लिन के एक होटल में मृत पाए गए। वह बवेरिया राज्य के उपमुख्यमंत्री और अर्थव्यवस्था मंत्री भी रह चुके थे। पुलिस और अभियोजन अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार शाम राजधानी बर्लिन के एक होटल के कमरे में उनका शव मिला। गुरुवार को हुए पोस्टमार्टम में उनकी मौत में किसी दूसरे व्यक्ति की संलिप्तता के सबूत नहीं मिले। 55 वर्षीय आइवांगर जर्मनी की फ्री वोटर्स पार्टी के प्रमुख थे। वह 2006 से बवेरिया में पार्टी का नेतृत्व कर रहे थे और 2010 में पार्टी के राष्ट्रीय नेता बने थे। उनके नेतृत्व में पार्टी ने बवेरिया की राजनीति में अपनी मजबूत जगह बनाई और 2018 में राज्य सरकार में गठबंधन सहयोगी बनी। जर्मनी की समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, आइवांगर को बुधवार को बर्लिन में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन समारोह में भाषण देना था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने कार्यक्रम रद्द कर दिया था।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed