{"_id":"6b01de99a32952ee9203499d","slug":"video-grooms-brother-jumps-into-canal-to-save-a-friend-both-drown-to-death-2026-11-21","type":"video","status":"publish","title_hn":"दोस्त को बचाने नहर में कूदा दूल्हे का भाई, दोनों की डूबकर मौत","category":{"title":"Local","title_hn":"लोकल","slug":"local"}}
दोस्त को बचाने नहर में कूदा दूल्हे का भाई, दोनों की डूबकर मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के गिन्नौट बाग में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने आ रहे दूल्हे के छोटे भाई और उसके दोस्त की राजघाट बांध की निचली नहर में डूबने से मौत हो गई। ग्राम मैलार-रानीपुरा के पास नहर में नहाते समय एक युवक तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए दूल्हे का भाई और उसके दो साथी भी पानी में कूद गए। इस दौरान चारों युवक बहाव की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि नीरज केवट (19) और हनी जाट (17) की जान नहीं बच सकी। दोनों मध्य प्रदेश के गुना जिले के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र के नईसराय निवासी प्रशांत की शादी ललितपुर के नईबस्ती मोहल्ले की युवती से तय हुई थी। शनिवार को शहर के गिन्नौट बाग में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में दोनों का विवाह होना था। इसके लिए शनिवार सुबह दूल्हा प्रशांत, परिजन और रिश्तेदार अलग-अलग चार पहिया वाहनों से ललितपुर के लिए रवाना हुए। एक कार में दूल्हे का छोटा भाई नीरज केवट, उसका दोस्त हनी जाट, शिवम सेन (26) निवासी मदऊखेड़ी, विकास वैरागी (19) निवासी नानारखेड़ी, पवन (18), केशव केवट (13) और गौरव (12) सवार थे। कार कोतवाली सदर क्षेत्र में ग्राम मैलार-रानीपुरा के पास राजघाट बांध की निचली नहर के किनारे पहुंची तो युवकों ने उसे रोक दिया। इसके बाद सभी नहर में नहाने लगे।
दोस्त को बचाने के लिए नीरज ने लगाई छलांग
नहाते समय हनी जाट नहर के तेज बहाव में बहने लगा। उसे डूबता देख नीरज उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। दोनों को डूबता देखकर विकास और पवन भी नहर में उतर गए। तेज बहाव के कारण चारों युवक डूबने लगे। साथियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने विकास और पवन को पानी से बाहर निकाल लिया, जबकि नीरज और हनी बहाव में लापता हो गए।
सूचना पर राजघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। करीब एक घंटे तक खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर नहर का पानी बंद कराया गया। पानी कम होने पर नीरज और हनी को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। नीरज दो भाइयों में छोटा था और कक्षा 12वीं का छात्र था। वहीं, हनी जाट कक्षा 10वीं में पढ़ता था और दो भाइयों में बड़ा था।
रेस्क्यू में देरी का आरोप लगाकर परिजनों ने जताई नाराजगी
मृतकों के परिजनों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना था कि दोनों के डूबने के बाद वे खुद नहर में उतरकर तलाश करने को तैयार थे, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें रोक दिया और गोताखोरों की टीम आने की बात कही। परिजनों के मुताबिक, करीब एक घंटे तक कोई टीम नहीं पहुंची। इसके बाद उन्होंने खुद नहर में उतरकर तलाश शुरू की।
दूल्हा-दुल्हन को नहीं दी गई घटना की जानकारी
परिजनों ने बताया कि नहर में डूबने से नीरज और उसके दोस्त की मौत की जानकारी सामूहिक विवाह सम्मेलन में मौजूद दूल्हे प्रशांत और दुल्हन को नहीं दी गई। शादी की रस्में पूरी होने के बाद ही उन्हें घटना के बारे में बताने की बात कही गई।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
शनिवार सुबह गुना जिले के नईसराय स्थित घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। महिलाएं मंगलगीत गा रही थीं और परिवार में उत्साह का माहौल था। इसी बीच दूल्हे के छोटे भाई और उसके दोस्त की नहर में डूबने से मौत की सूचना पहुंची तो शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
नहर में डूबने से दो युवकों की मौत
मध्य प्रदेश निवासी सात युवक कार से ललितपुर आ रहे थे। ग्राम मैलार के पास कार रोककर वे नहर में नहाने लगे। इसी दौरान चार युवक तेज बहाव में बहने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को बचा लिया गया, जबकि दो की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।