कौशांबी : प्रेमी के सामने ही दो युवकों ने उसकी प्रेमिका के साथ किया सामूहिक दुष्कर्म, विरोध पर कुएं में फेंका
संदीपन घाट कोतवाली के एक गांव में बुधवार दोपहर प्रेमी से मिलने गई युवती का दो युवकों ने आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोनों युवकों ने युवती के साथ गैंगरेप किया। प्रेमी के विरोध करने पर आरोपी युवक उसे एक कुएं में फेंककर भाग निकले।
विस्तार
संदीपन घाट कोतवाली के एक गांव में बुधवार दोपहर प्रेमी से मिलने गई युवती का दो युवकों ने आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोनों युवकों ने युवती के साथ गैंगरेप किया। प्रेमी के विरोध करने पर आरोपी युवक उसे एक कुएं में फेंककर भाग निकले। बृहस्पतिवार सुबह प्रेमी को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इस मामले में लोकलाज के भय से युवती के घरवालों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी।
संदीपनघाट कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाली युवती की रिश्तेदारी सैनी कोतवाली के गरई गांंव में थी। युवती का अक्सर अपनी रिश्तेदारी में जाना होता था। इस दौरान युवती अपने रिश्तेदार के पड़ोसी से दिल लगा बैठी। दोनों लोग लुक-छिपकर मिलने लगे। इसकी जानकारी जब दोनों के परिजनों को लगी तो उन्होंने मिलने-जुलने में पाबंदी लगा दी।
बुधवार को युवक व युवती घर से भागकर शादी करने का प्लान बनाकर निकले। प्रेमी घर से अपनी बाइक व कपड़े भी लेकर आया था। दोनों की मुलाकात संदीपनघाट कोतवाली के सकाढ़ा गांव के पास हुई। चर्चा रही कि युवक व युवती एक खेत में आपत्तीजनक हालत में मिले। इसका वहां रहे दो लोगों ने वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर युवती के साथ गैंगरेप किया। युवती के प्रेमी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पास में स्थित कुएं में धक्का देकर गिरा दिया। घटना के बाद युवती वापस अपने घर लौट गई और लोकलाज के भय से उसने किसी को घटना के बाबत जानकारी नहीं दी।
बुधवार रात से ही युवक की खोजबीन कर रहे ग्रामीण व परिवार के सदस्यों को सूचना मिली कि सकाढ़ा गांव के पास कुएं के अंदर कोई व्यक्ति गिरा है। जानकारी होने पर परिवार के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने युवक को रस्सी के सहारे बाहर निकाला। इलाज के लिए उसे पीएचसी मूरतगंज लाया गया। फिलहाल मामले में अब तक किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना की गहनता से छानबीन कर रही है।
इनका कहना है
मामला संज्ञान में है। प्रकरण की जांच किया जा रहा है। प्रेम-प्रसंग को लेकर जिस घटना का जिक्र किया जा रहा है उस युवती से पूछताछ की जा रही है। उसने किसी तरह की घटना होने से इंकार किया है। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। -समर बहादुर, एएसपी
प्रेमी-प्रेमिका के घरवाले वीडियो वायरल होने से सहमें
सकाढ़ा गांव के समीप हुई घटना में अब प्रेमी व प्रेमिका के घरवाले सकते में हैं। वह लोग घटना को दबाना तो चाहते हैं लेकिन गैंगरेप करने वाले लोगों ने जो वीडियो बना लिया है उसे लेकर सकते में हैं। पुलिस ने भी परिवार के सदस्यों को लोकलाज का हवाला दिया। इसी वजह से मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई।
डर के मारे भागी थी प्रेमिका, रात भर कुएं में तड़पा प्रेमी
मुहब्बत को आखिरी मुकाम देने के लिए घर से भागे प्रेमी युगल की गलती फिलहाल आरोपियों को क्लीनचिट देने के लिए काफी है। पहला यह है कि उन्होंने खेत में सम्बंध बनाए, लेकिन अब डर यह है कि कहीं वीडियो सोशल मीडिया में वायरल न हो जाए। इसे लेकर प्रेमी व प्रेमिका के घरवालों ने अपनी जुबां पर ताला जड़ रखा है।
प्रेमी युगल की एक अनोखी प्रेम कहानी का सकाढ़ा गांव में दुखद अंत होता नजर आ रहा है। खुद की प्रेमिका की अस्मत पर जब प्रेमी ने खतरा देखा तो उसने आरोपियों का मुंह.तोड़ जवाब दिया। इसके बाद उसे कुएं में आरोपियों ने फेंक दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से युवती से दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बची युवती अपने घर पहुंची। लोकलाज के भय से उसने घटना के बाबत किसी को कुछ नहीं बताया। उधर प्रेमी सूखे कुएं में पड़ा रहकर 36 घंटे तड़पा। वह नीचे से मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन सूनसान इलाके में स्थित कुएं के अंदर ही उसकी पुकार किसी ने नहीं सुनी।
बृहस्पतिवार सुबह जब लोग खेत की तरफ जा रहे थे तो उन्होंने कुएं से किसी की पुकार सुनी। इसके बाद प्रेमी को बाहर निकाला गया। युवक ने अपनी आपबीती बताया लेकिन बाद में वह डर गया। पुलिस ने भी गैंगरेप की घटना को लेकर उसे परिवार के लोगों से मिलने नहीं दिया। पीएचसी मूरतगंज में इलाज कराने के बाद उसे मीडिया से भी दूर रखा गया है। प्रेमी से पूछताछ के बाद युवती को भी बुलाया गया लेकिन वह सिर्फ आंसू बहाती रही। प्रेमी-प्रेमिका अपने-अपने हाल पर आंसू बहा रहें है लेकिन सच्चाई अब उनकी जुबां पर नहीं आ रही है।