उत्तरकाशी। बीते 21 जनवरी को माघ मेला का समापन होने के बावजूद अभी तक रामलीला मैदान में मेले की दुकानें सजी हुई हैं। बुधवार को मौसम खुलने पर बड़ी संख्या में लोग मेले की दुकानों से खरीददारी करने पहुंचे। स्थानीय व्यापारियों ने मेला समापन के बाद तत्काल दुकानें हटवाकर रामलीला मैदान को खाली कराने की मांग की है।
हर वर्ष रामलीला मैदान में 14 से 21 जनवरी तक जिला पंचायत द्वारा माघ मेला का आयोजन कराया जाता है। बीते साल तक हर बार प्रशासन द्वारा मेले को एक-दो दिन बढ़ा दिया जाता था, लेकिन इस बार प्रशासन ने स्थानीय व्यापारियों की मांग को देखते हुए मेले की अवधि नहीं बढ़ाई। ऐसे में मंगलवार को ही मेला परिसर में लगे झूले-चर्खी और मेला पंडाल हटाने का काम तो शुरू हो गया, लेकिन मेले की दुकानें अभी भी सजी हुई हैं। बीते रोज बारिश और बर्फबारी के चलते मेला परिसर में सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन बुधवार को धूप खिलने पर बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचे। बीते दिनों बारिश और बर्फबारी के चलते रामलीला मैदान में भारी कीचड़ हो गया है, जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुभाष बडोनी ने डीएम को पत्र भेजकर मेला संपन्न होने के बाद मेला मैदान में सजी दुकानें शीघ्र हटवाने की मांग की है।