ठंडे पहाड़ों पर भी बरस रही आग, हुए लाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आमतौर पर पहाड़ में मौसम इन दिनों भी ठंडा रहता है। यही वजह है कि मैदानी क्षेत्र में बढ़ती गर्मी से निजात पाने के लिए लोग इन दिनों पहाड़ों की तरफ रुख करते हैं। बावजूद इसके इस बार स्थिति उलट है। पिछले दिनों जंगलों में लगी आग से इस बार पहाड़ भी तप रहे हैं। स्थिति यह है कि केदारनाथ धाम में भी बुधवार को अधिकतम तापमान 26.9 दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक है।
गर्मी से इस बार पहाड़ के वाशिंदे बेहाल हो गए हैं। सुबह दस बजे से ही तेज धूप हो रही है। बुधवार को पौड़ी का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले तीन दिन से तापमान में वृद्धि हुई है। गर्मी के प्रकोप से मध्य हिमालय क्षेत्र भी अछूता नहीं है।
केदारनाथ धाम में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.9 दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक है। जबकि बीते वर्ष केदारनाथ में 18 मई को तापमान 20 और 9.2 डिग्री सेल्सियस था। रुद्रप्रयाग में गर्मी का प्रकाप निरंतर बढ़ रहा है। यहां दिन में अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तिलवाड़ा व अगस्त्यमुनि में भी दोपहर को तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहा। उधर ऊखीमठ में 32 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी तरफ केदारघाटी के सोनप्रयाग व गौरीकुंड में भी उमस भरी गर्मी रही। पैदल मार्ग पर तेज धूप के कारण यात्री पसीने से तर होते रहे।
बदरीनाथ धाम में भी पारा चढ़ा
बदरीनाथ में भी पारा 20 डिग्री पर पहुंच गया है। बुधवार को वहां अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि बीते वर्ष इन दिनों धाम में अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री था। यही स्थिति हेमकुंड साहिब और पर्यटन स्थली औली की भी बनी हुई है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में लू के थपेड़ों से परेशान तीर्थयात्रियों को यहां का मौसम सुकून देने वाला लग रहा है।
कर्णप्रयाग में 15 मई तक लगातार हो रही बारिश से मौसम में ठंडक थी, लेकिन महज तीन दिन में ही 7 डिग्री तामपान में बढ़ोत्तरी हुई। वहीं बुधवार दोपहर दो बजे के करीब यहां तापमान 37 डिग्री के करीब रहा। बुधवार को लैंसडौन का तापमान भी 40 डिग्री तक चला गया। तेज गर्मी के कारण पर्यटकों की संख्या भी लगातार गिर रही है।
गर्मी के कारण मई और जून माह में बाजार में दिखने वाली रौनक गायब हो गई है, जिसके कारण बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। दुकानदार खाली बैठने को मजबूर हैं। नगर के होटलों में भी चुनिंदा पर्यटक ही पहुंच रहे हैं।
तापमान -------- वर्ष 2015 अधिकतम/न्यूनतम------ वर्ष 2016 अधिकतम/न्यूनतम
बदरीनाथ ------------------- 14/08 --------------------- 20/11
हेमकुंड साहिब ------------- 04/-11 ------------------ 08/-05
पर्यटन स्थली औली ------ 17/10 ------------------- 26/12