महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ में कक्षा छह में प्रवेश के राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए 11 खिलाड़ियों को चुना गया। 50 में से 15 खिलाड़ी ट्रायल देने के लिए पात्र पाए गए। इसमें से भी खिलाड़ियों ने वॉलीबाल, फुटबाल और बैडमिंटन खेल के ट्रायल में हिस्सा लिया। एथलेटिक्स में ट्रायल के लिए बच्चों ने रुचि नहीं दिखाई।
खेल विभाग के मुताबिक जिला स्तर ट्रायल के बाद चुने गए खिलाड़ियों को पांच जनवरी से 12 जनवरी तक देहरादून में राज्य स्तरीय ट्रायल में शामिल होना पड़ेगा। वहां सफल होने पर खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश मिलेगा। मंगलवार को फिटनेस परीक्षा और स्किल परीक्षा पास होने के बाद ही खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए चुना गया। देहरादून से खेलों का ट्रायल लेने पहुंचे कोच प्रदीप कौशल ने बताया कि बैडमिंटन में युवराज कुंजवाल और नवीन पांडे का चयन हुआ है। वॉलीबाल में आदित्य राणा, शिवा एवं बिश्वास राणा का चयन हुआ। वहीं फुटबाल में देव कांडपाल, लक्ष्मण कंडारी, भुवन रावत, राज, सहज नागपाल और कृष्णा सिंह का चयन हुआ है। वहां सुरेश, लोकेश कुमार, तरुण नेगी, ललित कुंवर, रमेश, महेश आदि थे। (संवाद)