पुलिस ने किया दो चोरियों का खुलासा: घरों से लाखों का सामान चोरी करने वाले तीन युवक दबोचे, इस जगह के हैं तीनों
रुद्रपुर में पुलिस ने दो घरों से लाखों रुपयों का सामान चोरी करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवकों से चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वैलर को भी पकड़ा है।
विस्तार
रुद्रपुर में पुलिस ने दो घरों से लाखों रुपयों का सामान चोरी करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवकों से चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वैलर को भी पकड़ा है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बुधवार को पुलिस कार्यालय में सहायक पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि विजयलक्ष्मी इन्क्लेब निवासी अमित छाबड़ा ने 30 जून को ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर दी थी। अमित ने 29 जून की रात को घर का ताला तोड़कर दो तोला सोने की चैन, एक सोने की अंगूठी, 50 हजार रुपये और सीसीटीवी की डीबीआर चोरी करने की बात कही थी। मामले में केस दर्ज कर एसआई विकास रावत को विवेचना दी गई थी। चोरी के खुलासे के लिए एसएचओ ट्रांजिट कैंप भारत सिंह की अगुवाई में चार टीमें गठित की गई थी।
ये पढ़ें- CRIME: उत्तराखंड पुलिस सेवा से बर्खास्त नशेड़ी भाई पर बहन ने लगाए गंभीर आरोप, जानकर रह जाएंगे हैरान
टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद तीन संदिग्ध युवक को चिह्नित किया था। मंगलवार की रात पुलिस टीम ने मोदी मैदान के पास से सुभाष दिवाकर निवासी मानपुर पश्चिम देवलचौड़ हल्द्वानी, संदीप कुमार निवासी महर्षि रोड, कृष्णा फार्म हाउस देवलचौड़ हल्द्वानी और उज्ज्वल सिंह परगई निवासी जीतपुर नेगी, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया था। सुभाष दिवाकर के कब्जे से पीली धातु की चैन, 1000 रूपये, संदीप से एक स्मार्ट घड़ी, 500 रुपये, उज्ज्वल से रैक्सीन बैग में रखे एक ब्यूटेन वैल्डिंग कैन, एक बर्नर, एक प्लास्टिक का गैस लाइटर, 600 रुपये बरामद हुए थे। तीनों युवकों ने चोरी का माल कालाढूंगी के ज्वैलर्स मो. अजीम निवासी वार्ड नंबर छह कालाढूंगी नैनीताल को बेचने की बात कबूली थी।
इस पर अजीम को भी गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से एक पीली धातु की गिन्नी बरामद हुई है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। युवकों ने घटना की रात बगवाड़ा मंडी के सामने स्थित एक घर पर चोरी करने की बात कबूली है। इस मामले का केस रुद्रपुर कोतवाली में दर्ज है।
मई में जमानत पर छूटे हैं तीनों युवक
दो घरों में चोरी के मामले में गिरफ्तार तीनों अभियुक्त आदतन चोर हैं। एसएचओ भारत सिंह ने बताया कि तीनों के खिलाफ 2020 में हल्द्वानी और 2023 में मुखानी थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ था। ये चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। बीते मई में तीनों जमानत पर जेल से छूटकर आए थे और फिर से उसी धंधे में लग गए। बताया कि तीनों की उम्र 19 साल की है। तीनों चोरी का सामान बेचकर मिलने वाले रुपयों से मौजमस्ती करते हैं, साथ ही केसों की पैरवी कर रहे अधिवक्ताओं की फीस चुकाते हैं।