रुद्रपुर: पांच दिन बाद खत्म हुई आयकर की मैराथन जांच, नामी डॉक्टर और कारोबारी के घरों से लौटी टीम; ये है चर्चा
रुद्रपुर में आयकर विभाग की मैराथन जांच पांच दिन बाद खत्म हो गई है। नामी डॉक्टर और कारोबारी के घरों से इनकम टैक्स टीम लौट गई है। आवासों पर चली कार्रवाई में दस्तावेज, लैपटॉप और अन्य सामान कब्जे में लेने की चर्चा है।
विस्तार
रुद्रपुर शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी और नामी डॉक्टर के आवासों पर पांच दिन तक चली आयकर विभाग की कार्रवाई शुक्रवार तड़के खत्म हुई। जांच में जुटी टीम सुबह रवाना हो गई।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान टीम ने कई दस्तावेज, लैपटॉप और अन्य सामान कब्जे में लिया है। हालांकि, विभाग की ओर से अब तक कार्रवाई के निष्कर्षों और संभावित बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीमें दोनों आवासों पर पहुंची थीं। इसके बाद से लगातार जांच का सिलसिला जारी रहा। अधिकारियों ने कई दिनों तक विभिन्न दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों की पड़ताल की। इस दौरान दोनों आवासों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। अधिकारियों की अनुमति के बिना आवाजाही पर भी रोक रही। जांच लंबी चलने के कारण शहर में कई तरह की चर्चाएं रहीं।
इस बीच बृहस्पतिवार को आयकर विभाग की टीम के रुद्रपुर स्थित एक निजी बैंक पहुंचने की जानकारी भी सामने आई थी। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान बैंक लॉकर से संबंधित जानकारी मिलने के बाद टीम वहां पहुंची थी। हालांकि, लॉकर की तलाशी ली गई या वहां से कोई सामान मिला, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
जांच के नतीजों का इंतजार
पांच दिन तक चली कार्रवाई के बाद टीम के रवाना होने से फिलहाल आवासों पर जांच का सिलसिला थम गया है। सूत्रों के अनुसार, कब्जे में लिए गए दस्तावेज, लैपटॉप और अन्य सामान की जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कार्रवाई में टीम को क्या-क्या मिला और उसके आधार पर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इसका पता विभाग की आगामी कार्रवाई से ही चल पाएगा। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।