{"_id":"4ab26850afe64c2e379fbd51cfc408fd","slug":"pandey-said-the-legislator-not-to-surrender-police-declined-to-swindle-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"विधायक पांडेय नहीं पहुंचे सरेंडर करने, ठगी रह गई पुलिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विधायक पांडेय नहीं पहुंचे सरेंडर करने, ठगी रह गई पुलिस
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो/ रुद्रपुर।
Updated Sat, 05 Sep 2015 12:29 AM IST
विज्ञापन
नायब तहसीलदार शेर सिंह ग्वाल से मारपीट मामले में फरार चल रहे गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय शुक्रवार को सरेंडर के लिए कोर्ट नहीं पहुंचे। ऐसे में सुबह से ही विधायक की गिरफ्तारी को जिला न्यायालय परिसर के साथ ही मुख्य गेट पर तैनात पुलिस ठगी रह गई। हालांकि बार-बार विधायक के आने और न आने की अफवाहें आती रही, लेकिन करीब 1:30 बजे तक विधायक के न आने और पुलिस के लौटने के बाद इस चर्चा पर विराम लगा। इस बीच एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने भी कोर्ट परिसर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। वहीं, वकील द्वारा विधायक के खराब स्वास्थ्य की दलील पर कोर्ट ने विधायक अरविंद पांडेय को सात सितंबर तक का समय दे दिया है।
विज्ञापन
बता दें कि बीते दिनों पट्टे की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में विधायक अरविंद पांडेय समेत अन्य लोगों ने नायब तहसीलदार शेर सिंह ग्वाल से मारपीट कर दी थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विधायक पांडेय समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ को कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस ने उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू वारंट जारी कर घर की कुर्की की तैयारी के तहत 82 की कार्रवाई भी कर दी थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए विधायक पांडेय ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे बुधवार को खारिज कर दिया गया था। इधर, वकील द्वारा विधायक के खराब स्वास्थ्य की दलील पर कोर्ट ने विधायक अरविंद पांडेय को सात सितंबर तक का समय दे दिया है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को विधायक पांडेय द्वारा जिला मुख्यालय स्थित जिला न्यायालय में सरेंडर करने के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। इसे लेकर पुलिस अलर्ट थी। शुक्रवार को विधायक के सरेंडर की सूचना पर एएसपी टीडी वैला, एएसपी काशीपुर कमलेश उपाध्याय और एसडीएम अनिल शुक्ला, सीओ राजीव मोहन, सीओ सिटी रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में सुबह आठ बजे से पुलिस फोर्स जिला न्यायालय परिसर के साथ ही नैनीताल रोड पर तैनात कर दी गई थी। जैसे-जैसे समय बीतता गया, विधायक पांडेय की आने की चर्चाओं से माहौल गर्म होता गया। इस दौरान नैनीताल रोड से कोर्ट परिसर की ओर आने वाले वाहनों की भी चेकिंग की गई। दोपहर करीब 1:30 बजे तक कोर्ट में न पहुंचने पर विधायक के सरेंडर की चर्चाओं पर विराम लगा। घंटों इंतजार के बाद भी जब विधायक नही पहुंचे तो पुलिस कर्मियों को लौटना पड़ा। हालांकि इसके बाद भी कोर्ट परिसर के बाहर सिडकुल चौकी पुलिस तैनात रही।
विज्ञापन