{"_id":"5824124950af52ebc5b1778279fd5da7","slug":"nanakmatta-remained-nagar-panchayat-gram-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नानकमत्ता ग्रामसभा बनी नगर पंचायत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नानकमत्ता ग्रामसभा बनी नगर पंचायत
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो/सितारगंज।
Updated Wed, 20 Jan 2016 12:26 PM IST
विज्ञापन
नानकमत्ता ग्रामसभा को भंग कर नगर पंचायत बना दिया गया है। नवगठित नगर पंचायत का गजट नोटिफिकेशन पूर्ण हो गया है। जबकि, आरक्षण व वार्डों का परिसीमन अभी होना बाकी है। शासन द्वारा नवगठित नगर पंचायत का एसडीएम एपी बाजपेयी को प्रशासक नियुक्त किया गया है। संयुक्त सचिव के जल्द ही नवगठित पंचायत की स्थानीय सलाहकार समिति बनाने के लिए सूची तलब करने पर बीडीओ ने भंग ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान, वार्ड मेंबर, बीडीसी व जिला पंचायत सदस्य की सूची शासन को भेजी है। बीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत भंग करने का अभी कोई आदेश नहीं आया। जिस कारण अभी ग्रामसभा का चार्ज नहीं लिया गया।
विज्ञापन
बीती 17 अप्रैल 2015 को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नानकमत्ता के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब व दूध वाला कुआं में डेढ़ करोड़ की लागत से बनी स्वर्ण पालकियों के अनावरण कार्यक्रम में नानकमत्ता को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा की थी। जिसकी सरकार ने 19 नवंबर 2015 अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद से नानकमत्ता नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया चल रही है। मंगलवार को एसडीएम एपी बाजपेयी ने बताया कि नानकमत्ता नगर पंचायत का उन्हें प्रशासक बनाया गया है। नवगठित पंचायत का बैंक में खाता खोला है और शासन से कार्यालय व संसाधनों के लिए 4.50 लाख रुपये जारी भी हो गए हैं। जिसका ड्राफ्ट नगर पंचायत के खाते में जमा कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवगठित नगर पंचायत का नोटिफिकेशन गजट बन गया है। आरक्षण व वार्डों का परिसीमन होना बाकी है। जिसकी प्रक्रिया चल रही है।
विज्ञापन
बीडीओ मीना मैनाली ने बताया कि नानकमत्ता को नगर पंचायत बना देने व ग्रामसभा भंग करने का अभी कोई आदेश नहीं आया है। गत पांच जनवरी को संयुक्त सचिव ओमकार सिंह ने नवगठित नगर पंचायतों की स्थानीय सलाहकार समिति गठन के लिए सूची तलब की थी। जिस पर नानकमत्ता ग्रामसभा के पूर्व प्रधान अनुराधा राणा, पूर्व बीडीसी गुरविंदर कौर, रामनरेश राणा व 15 वार्ड मेंबरों की सूची संयुक्त सचिव को भेजी है।
विज्ञापन