बाजपुर। उत्तराखंड सहकारी चीनी मिल्स संघ के एमडी चंद्रेश यादव ने टीम के साथ शुगर मिल का स्थलीय निरीक्षण किया। एमडी ने बताया कि मिल में करीब 70 प्रतिशत मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। 20 नवंबर को शुरू हो रहे पेराई सत्र से पहले मरम्मत का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मिलों के धर्मकांटों पर डिस्पले बाहर की तरफ लगाने के निर्देश दिए।
शनिवार को चीनी मिल के अतिथि गृह में एमडी चंद्रेश यादव ने मिल अधिकारियों के साथ बैठक की। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मरम्मत कार्य में जुटे कर्मचारियों से बातचीत की। एमडी ने बताया कि दीपावली के बाद अधिकारियों की टीम फिर एक बार निरीक्षण करेगी। कहा कि आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मिल का नवीनीकरण किया जाना है। पॉवर प्लांट की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कोरोना के चलते इन कार्यों में विलंब हुआ है। पेराई सत्र के बाद प्लांट का कार्य शुरू किया जाएगा। कहा कि एथेनाल प्लाट के लिए मिल की रामपुर रोड स्थित भूमि का चयन कर लिया गया। कहा कि कर्मचारियों को न्यूनतम वेतनमान को लेकर चल रही कार्यवाही सामान्य प्रक्रिया है। मिलों से चीनी का उठान होने से कर्मचारियों को वेतन का भुगतान समय से किया जा रहा है। वहां पर उत्तराखंड सहकारी चीनी मिल्स संघ के कार्मिक प्रबंधक राजीव लोचन, शुगर मिल महाप्रबंधक प्रकाश चंद, चीफ इंजीनियर विनीत जोशी, चीफ केमिस्ट एसके मिश्रा, सीएम एके श्रीवास्तव, सीसीओ डॉ. राजीव अरोरा आदि थे।