पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने शुक्रवार को पूर्व सीएम हरीश रावत पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्होंने सीएम रहते सितारगंज में एतिहासिक विकास कार्य किए जबकि विकास का दावा करने वाले हरीश रावत ने अपने राजनीतिक धर्म का पालन नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके (बहुगुणा के) सीएम कार्यकाल में स्वीकृत विकास योजनाओं को हरीश रावत ने सीएम बनते ही रोक दिया था।
शुक्रवार को सितारगंज में सिख समुदाय के सम्मेलन और शक्तिफार्म में आयोजित सभा में पूर्व सीएम बहुगुणा ने आरोप लगाया कि हरीश रावत ने सितारगंज की विकास योजनाओं को रोका था। केंद्रीय रक्षा और पर्यटन मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी सौरभ बहुगुणा ही योग्य व पात्र प्रत्याशी हैं और उनमें विकास कराने की क्षमता है। सौरभ बहुगुणा ने कहा कि बंगाली समाज के जाति प्रमाणपत्र में पूर्वी पाकिस्तान शब्द को हटाया। उन्होंने कहा कि जल्द ही भूमिधरी अधिकार भी दिलाएंगे। इस मौके पर पश्चिम बंगाल के सांसद शांतनु ठाकुर, डीसीबी के चेयरमैन योगेंद्र रावत, कमल जिंदल, लक्खा सिंह, पलविंदर सिंह औलख, सुखदेव सिंह, उपकार सिंह बल, कमल जिंदल, सुमन राय आदि मौजूद रहे।