बाजपुर। यूक्रेन में क्षेत्र के आठ से अधिक छात्र फंसे हैं। एक तरफ यूक्रेन में फंसे छात्र भयभीत है तो वही उनके परिजन यहां दहशत में है। परिजन उनकी सलामती की दुआ करने में लगे हैं।
बाजपुर के गांव धनसारा निवासी शावेद अली, गांव चकरपुर निवासी फैयाज, केशवनगर निवासी मोहम्मद तंजीम, गांव धनसारा निवासी सावेद हसन, गांव चनकपुर निवासी मुशर्रफ रईस मलिक सहित आठ छात्र यूक्रेन में फंसे हैं। उनके परिजनों ने बताया कि यूक्रेन में हालात बहुत ही खराब हैं। परिजन वीडियो काल के माध्यम से अपने अपने बच्चों को हिम्मत बंधा रहे है।
परिवार के लोग अब कह रहे है कि उन्हें ऐसा पता होता तो कभी विदेश में पढ़ाई के लिए नहीं भेजते। छात्र शावेद अली के पिता मोहम्मद शफी ने बताया कि उनके बेटे सहित कई भारतीय छात्र वाहनों पर भारत का झंडा लगाकर शनिवार शाम को हंगरी के लिए चले हैं। इधर हेल्पिंग इस्माइल सोसायटी के सचिव एडवोकेट सूरज सागर ने कहा कि यूक्रेन में फंसे छात्रों को सकुशल वापसी के लिए सोसायटी की तरफ सोमवार को एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा। संवाद