महिला चोर गिरोह ने दो लाख की ज्वैलरी उड़ाई
महिला गिरोह ने एक ज्वैलरी की दुकान से दो लाख रुपये के सोने के जेवरात उड़ा लिए और ज्वैलर्स को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। महिला गिरोह के दुकान से जाने के मालिक को चोरी का आभास हुआ। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने महिला गिरोह की चोरों की तलाश की। लेकिन, वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ीं। पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख महिलाओं के हुलिया देखा।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे जेल कैंप रोड स्थित अमन ज्वैलर्स की शॉप पर एक व्यक्ति के साथ चार महिलाएं ज्वैलरी खरीदने आईं। उन्होंने दुकान स्वामी सिकंदर हुसैन पुत्र नजीर अहमद से सोने के टॉप्स दिखाने को कहा। टॉप्स पसंद नहीं आए तो अन्य जेवर देखने लगीं।
चांदी के जेवर देखते-देखते चारों महिलाओं ने दुकान स्वामी को बातों में उलझा लिया और सोने के 18 कुंडलों से भरी डिब्बी पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद जेवर और टॉप्स पसंद न होने की बात कहते हुए चलते बनी।
महिलाओं के जाने के बाद सिकंदर ज्वैलरी समेटने लगा।
उसने कुंडलों की डिब्बी से कुंडल गायब पाए। इस पर उसके होश उड़ गए। उसने आसपास के लोगों को ज्वैलरी चोरी होने की जानकारी दी। इस पर ज्वैलर्स की दुकान में लोगों का जमावड़ा लग गया। सिडकुल चौकी इंचार्ज दिनेश नाथ और सरकड़ा चौकी इंचार्ज योगेश दत्त ने दुकान का मुआयना कर चोरी की घटना की जानकारी ली और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में चार महिलाएं थीं।
सीसीटीवी फुटेज में वो ज्वैलरी चोरी करते हुए भी नजर आ रहीं हैं। पुलिस ने महिला चोर गिरोह की तलाश में नाकाबंदी की। बस, टैंपो आदि चेक किए। लेकिन, कोई पता नहीं चला। सिकंदर ने पुलिस को दुकान में चोरी की तहरीर दे दी है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।