{"_id":"5a91b7204f1c1b2d068b8776","slug":"culprits-arrested","type":"story","status":"publish","title_hn":" पूरन हत्याकांड में आरोपी जीजा-साले गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पूरन हत्याकांड में आरोपी जीजा-साले गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो रुद्रपुर/किच्छा।
Updated Sun, 25 Feb 2018 12:34 AM IST
विज्ञापन
किच्छा में पूरन सिंह हत्याकांड के आरोपी पुलिस टीम के साथ
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किच्छा के खैरा फार्म में होमगार्ड के कंपनी कमांडर पूरन सिंह की हत्या में फरार दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी जीजा-साले हैं। पुलिस ने उनसे दो तमंचे, दो कारतूस और बाइक बरामद की है। हत्या के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस जुटी है।
विज्ञापन
बता दें कि किच्छा के दुपहरिया खैरा फार्म में बृहस्पतिवार देर रात को दो भैंसें चोरी कर ला रहे चार पशु तस्करों को होमगार्ड के कंपनी कमांडर पूरन सिंह ने रोका था। पूरन ने एक आरोपी को दबोच लिया था। पकड़े जाने के डर से तस्करों ने पूरन के सीने पर गोली दाग दी थी। पूरन के शरीर में 90 छर्रे पाए गए थे।
विज्ञापन
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने ताकत झोंकते हुए 10 घंटे के भीतर एक आरोपी ताहिर निवासी दरऊ किच्छा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया था। इधर, शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलभट्टा एसओ विद्याधर जोशी के नेतृत्व में टीम ने हाइवे से सिरौलीकला जाने वाले रास्ते में कफील निवासी वार्ड नंबर दो मैडम के गोदाम के पीछे पुलभट्टा और आमिर उर्फ भोला निवासी वार्ड नंबर दो दरऊ को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
दोनों कफील के घर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, दो कारतूस और बाइक (यूके 06 ई 1287) बरामद की गई। पकड़े गए आरोपियों में आमिर जीजा और कफील उसका साला है। आरोपियों ने बताया कि पूरन सिंह को तस्लीम और ताहिर ने गोली मारी थी, वे दोनों सिर्फ भैंसें पकड़े हुए थे। पुलिस फरार आरोपी तस्लीम निवासी दरऊ किच्छा की तलाश में जुटी है।
भैंस चोरी में पहले भी जा चुके हैं जेल
रुद्रपुर। पूछताछ में कफील ने बताया कि वह वर्ष 2014 में किच्छा थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले में जेल जा चुका है। आमिर भी खजूरिया थाना रामपुर में वर्ष 2008 में भैंस चोरी में जेल गया था। जिस जगह पर पूरन की हत्या हुई थी, वहां से कफील का घर महज आधा किमी की दूरी पर था। घटना के बाद दोनों कफील के घर आए और फिर हल्द्वानी भाग गए।
दूसरे की भैंसों के गंवाई थी जान, एसएसपी करेंगे संस्तुति
रुद्रपुर। पशु तस्करों की गोली से जान गंवाने वाले पूरन सिंह के साहस की हर तरफ सराहना हो रही है। पूरन ने दूसरों की भैंसों को तस्करों से बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की और तस्करों से भिड़ गए। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने कहा कि पुलिस विभाग में तो वीरता पुरस्कार दिया जाता है, लेकिन होमगार्ड विभाग के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पूरन के सराहनीय कार्य के लिए कमांडर जनरल होमगार्ड को पुरस्कार की संस्तुति की जाएगी। इधर, जिला कमांडेंट होमगार्ड ललित जोशी ने बताया कि अभी उनकी ओर से पूरन सिंह के मामले में कोई संस्तुति मुख्यालय को नहीं की गई है। रविवार को विभाग के डीआईजी अमिताभ श्रीवास्तव का किच्छा में खैरा फार्म आने का कार्यक्रम है।
लगातार ठिकाने बदल रहे थे आरोपी
रुद्रपुर। पूरन हत्याकांड में लिप्त आरोपी पहचान होने के बाद पुलिस से बचने के लिए भागते फिर रहे थे। सूत्रों के अनुसार पहचान होने के बाद से ही पुलिस तीन आरोपियों की लोकेशन ट्रेस तक उन तक पहुंचने की जुगत में लगी थी। शनिवार को आरोपियों की लोकेशन हल्द्वानी में मिली थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी बहेड़ी की तरफ भाग निकले थे। पुलिस ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और अंतत: दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मां की जुबां से निकले शब्द ने ताहिर को पहुंचाया जेल
रुद्रपुर। सीसीटीवी फुटेज में चार आरोपी भागते हुए कैद तो हुए थे, लेकिन उनकी पीठ ही दिखाई देने से पुलिस को ज्यादा मदद नहीं मिली थी। आरोपियों के पैदल और आसपास के क्षेत्र का होने का अनुमान लगाते हुए पुलिस दरऊ और सिरोलीकलां में संदिग्धों को सुबह ही उठाकर पूछताछ शुरू कर दी थी। इसी बीच एक महिला को यह कहते सुना गया कि उसके बेटे ने गोली नहीं चलाई थी। बस यहीं से पुलिस को सुराग लगा तो पुलिस आरोपी ताहिर तक पहुंच गई।
हत्यारोपियों पर लगेगा गैंगस्टर
रुद्रपुर। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि किच्छा के खैरा फार्म में कंपनी कमांडर की गोली मारकर हत्या करने के तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में पशु चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। बृहस्पतिवार रात दो ग्रामीणों की भैंस चोरी होने के मामले में भी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाएगी।