जसपुर: सिपाही ने कहा दलाल...गुस्साए प्रधानों ने चौकी पर दिया धरना; आरोपी से माफी मांगने की मांग पर अड़े
जसपुर में प्रधान को सिपाही द्वारा कथित तौर पर दलाल कहे जाने पर प्रधानों में नाराजगी फैल गई। प्रधानों ने पतरामपुर चौकी में धरना शुरू कर आरोपी सिपाही से माफी की मांग की।
विस्तार
जसपुर में ग्राम पंचायत पतरामपुर के प्रधान हरिओम सिंह के साथ चौकी में अभद्रता किए जाने के आरोप को लेकर रविवार को प्रधानों ने पतरामपुर चौकी परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रधानों ने चौकी में तैनात सिपाही राजेंद्र सिंह पर हरिओम सिंह को ‘दलाल’ कहने का आरोप लगाया। प्रधान आरोपी सिपाही से माफी की मांग पर अड़े रहे।
प्रधान हरिओम सिंह के अनुसार, वह बीती रात चौकी क्षेत्र में एक मामले की जानकारी लेने गए थे। इसी दौरान चौकी में तैनात सिपाही राजेंद्र सिंह ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें ‘दलाल’ कह दिया। इसकी जानकारी मिलने पर प्रधान संघ अध्यक्ष दिलशाद शाह के नेतृत्व में अन्य प्रधान रविवार को पतरामपुर चौकी पहुंचे और धरना शुरू कर दिया।
धरने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रधानों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि प्रधान आरोपी सिपाही से माफी की मांग पर अड़े रहे। इसके चलते चौकी परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। प्रधानों का धरना जारी है।