गदरपुर। पुलिस ने अंतरराज्जीय ऑटोलिफ्टर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 13 बाइकें बरामद की हैं। इनमें से छह बाइकें गदरपुर क्षेत्र से चोरी की गई थीं। पुलिस बरामद अन्य बाइकों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजा है।
सोमवार को एएसपी प्रमोद कुमार ने थाने में पत्रकार वार्ता में बताया कि क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरियों की घटनाओं पर एसएसपी ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। सीओ वंदना वर्मा के निर्देशन में दो टीमें गठित की गईं। बीते आठ अगस्त को ग्राम मोतियापुर के पास चेकिंग के दौरान गदरपुर की तरफ से दो युवक बाइक पर आ रहे थे। पुलिस को देख दोनों ने भागने की कोशिश की लेकिन हड़बड़ी में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बाइक को कृष्णा पेट्रोल पंप के सामने से चोरी करने की बात कबूली। विभिन्न क्षेत्रों से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकारी। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर कुलवंत नगर श्मशान घाट के पीछे नदी के किनारे झाड़ियों में छुपाई गई 12 बाइकों को बरामद कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदि हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चुराते हैं। कुछ बाइकें यूपी से चोरी की हैं। उन्होंने अपना नाम दीपक उर्फ सब्बी निवासी कुलवंतनगर गदरपुर और मूलनिवासी रमपुरा कोतवाली काशीपुर एवं सोहन निवासी ग्राम गदरपुरा गदरपुर बताया। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि दीपक के खिलाफ काशीपुर में चोरी और सोहन के खिलाफ गदरपुर में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है। खुलासा करने वाली टीम में एसओ सतीश चंद कापड़ी, एसआई शंकर सिंह रावत, हरविंदर कुमार, जगदीश तिवारी, प्रकाश चंद्र भट्ट, रमेश बेलवाल, गोल्डी घुगत्याल आदि थे।