रुद्रपुर। किसान इंटर कॉलेज लालपुर में द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के 38 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य फैज अहमद खान ने दीप जलाकर किया। बृहस्पतिवार को पहले चरण में स्क्रीनिंग परीक्षा हुई जिसमें दोनों वर्गों से 10-10 विद्यार्थियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया। इसके बाद एमसीक्यू, विजुअल, वीडियो, रैपिड फायर और बजर राउंड आयोजित हुए। जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल लालपुर के अंशवीर सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) में राइंका चुकटी देवरिया के अनुज गंगवार पहले स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य ने सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अब जूनियर और सीनियर वर्ग से तीन-तीन कुल छह विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।