एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से सभी सीओ और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की। उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आगामी त्योहारों के आयोजनों को सांकेतिक रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बाजार में पटाखों की दुकानें नहीं लगेंगी। उन्होंने एम्प्लॉय ऑफ द मंथ चुने गए एसओजी इंचार्ज एसआई कमलेश भट्ट को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय सभागार में एसएसपी कुंवर ने कहा कि अनावश्यक रूप से धर्म विशेष पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और प्रचारित करने वालों पर कार्रवाई की जाए। ऐसे लोगों को सोशल मीडिया मॉनीटरिंग सेल और एसओजी भी चिह्नित कर रही है। आपराधिक घटनाओं में लिप्त बदमाशों का प्रोफाइल तैयार किया जाए। थाने में कोई भी शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें। धार्मिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी काम कर रहे हैं या नहीं, इनकी जांच करें। दीपावली पर पटाखे की दुकानें बाजार में नहीं लगने दी जाएं। वहां एसपी सिटी ममता वोहरा, एसपी क्राइम मिथिलेश सिंह, एसपी काशीपुर प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।