रुद्रप्रयाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित पुरुष सीनियर वर्ग ट्रायल कम लीग प्रतियोगिता के पहले मैच में टीम ग्रीन ने टीम ब्लू ने 74 रन से पराजित किया। जिला स्तरीय सीनियर टीम के चयन के लिए पहली बार ट्रायल कम लीग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
खेल मैदान अगस्त्यमुनि में 50-50 ओवर के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ग्रीन 43 ओवर में 255 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की तरफ से अभिषेक रतूड़ी ने 76 रनों की शानदार पारी खेली। संजय सिंह ने 24 व विपिन ने 23 रन बनाए। वहीं ब्लू टीम की ओर से आयुष देवरानी ने 10 ओवर में 44 रन देकर चार विकेट और राकेश कंडारी ने 38 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। 256 रनों का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए बल्लेबाजी करने उतरी ब्लू टीम 32 ओवर में 181 रन बना पाई और 74 रन से मैच हार गई। टीम की तरफ से आयुष चमोला ने 42, आयुष देवरानी ने 29 और कप्तान शैलेंद्र रौथाण ने 28 रन बनाए। गेंदबाजी प्रिंस और संजय ने तीन-तीन विकेट और प्रतीन ने दो विकेट अपने नाम किए। मैच में गिरीश बिष्ट व गणेश वर्मा ने अंपायर की भूमिका निभाई। दीपक रावत व मनवर सिंह स्कोरर रहे। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश जमलोकी, सचिव अरूण तिवारी, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राणा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राणा, पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र बाजपेयी, सदस्य त्रिभुवन बिष्ट, मीडिया प्रभारी हरीश गुसाईं, नवीन बिष्ट, प्रशांत बिष्ट आदि थे।