रुद्रपुर। जिला प्रशासन के आदेश का उल्लंघन कर मस्जिद में नमाज पढ़ रहे 22 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ ही केस दर्ज कर लिया है। मस्जिद से की गई अजान में प्रयुक्त लाउडस्पीकर और साउंउ सिस्टम को जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी नामजदों को धारा 41 का नोटिस देकर छोड़ दिया। लॉकडाउन के चलते जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी धार्मिक स्थल बंद किए गए हैं। मुस्लिमों के पवित्र महीने रमजान में भी डीएम ने लोगों से घरों में रहकर इबादत करने की अपील की है। इसको लेकर बुधवार को डीएम और एसएसपी ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर जरुरी दिशा निर्देश दिए थे। डीएम ने कहा था कि बाहर से कोई व्यक्ति मस्जिद में प्रवेश नहीं करेगा। लेकिन बुधवार की शाम को ही डीएम के निर्देश का गदरपुर के रामजीवनपुर नंबर दो में उल्लंघन कर दिया गया। एसओ जसविंदर सिंह ने बताया कि लॉकडालन का पालन कराने के लिए वे टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्हें जोरों से हो रही अजान की आवाज सुनाई दी। जब वे रामजीवनपुर नंबर दो की मस्जिद में पहुंचे तो वहां 22 लोग सामूहिक रुप से नमाज पढ़ रहे थे। वे सामाजिक दूरी के नियमों का भी उल्लंघन कर रहे थे। मस्जिद के इमाम पूर्व में ताला लगाकर गांव में ही किसी व्यक्ति को चाबी सौंपकर चले गए थे। बताया कि सामूहिक रुप से नमाज पढ़ रहे लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही अजान में प्रयुक्त साउंड सिस्टम भी जब्त किया गया। मामले में हाजी मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद इरशाद, फैज, महबूब अली, फरमान, रिवाजन, रिहान, हनीफ, गुलफाम, शाकिर, सद्दाम, साबिर, सफीकुर, तौफिक, सईद अहमद, मुस्तफा, मोहम्मद शहनवाज, जाहिद, नौशाद, मोहम्मद रफीक, इमरान हुसैन निवासी रामजीवनपुर नंबर दो के खिलाफ धारा 188, 2690 270 आईपीसी और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना एसआई जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है। सभी को थाने से नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया गया।