किन्नरों के दो पक्ष एक-दूसरे पर बधाई क्षेत्र कब्जाने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे। यहां भी दोनों पक्ष हंगामा करने लगे। काफी देर तक कोतवाली में किन्नरों का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत किया और उन्हें वापस भेजा। वहीं, देर शाम एक बार फिर किन्नरों के दोनों पक्ष कोतवाली जा पहुंचे और हंगामा करने लगे।
रविवार को बड़ी संख्या में किन्नरों के दो पक्ष सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे। किन्नरों के दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बधाई का क्षेत्र कब्जाने का आरोप लगाया। इसे लेकर दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही भिड़ गए। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन किन्नर एक-दूसरे पर कार्रवाई की जिद पर अड़ गए। इस बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर घर में घुसकर मारपीट कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। कोतवाली में काफी देर तक किन्नरों का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। किसी तरह पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। इसके बाद दोनों पक्षों को आश्वासन देकर वापस भेजा। वहीं, देर शाम एक पक्ष दोबारा कोतवाली पहुंच गया और दूसरे पक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से वार्ता की जा रही है। विवाद करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।