{"_id":"7a2ff04ff83aae5acc6afd974073f776","slug":"luxor-highway-227-crore-wait-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लक्सर राजमार्ग को 227 करोड़ का इंतजार ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लक्सर राजमार्ग को 227 करोड़ का इंतजार
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
Updated Wed, 20 Jan 2016 12:15 AM IST
विज्ञापन
रुड़की। तीर्थस्थल हरिद्वार तक पहुंचने के लिए पुरकाजी से वाया लक्सर मार्ग को केंद्र सरकार की आरे से नेशनल हाईवे घोषित कर दिया गया है। जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 227 करोड़ के बजट का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलने पर पुरकाजी से हरिद्वार तक कच्ची पटरी सहित 45 मीटर चौड़ाई का मार्ग बनेगा। जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी राहत मिलेगी।
विज्ञापन
गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पूर्व केंद्र सरकार की ओर से पुरकाजी से हरिद्वार वाया लक्सर मार्ग को राजमार्ग घोषित किया गया था। दिल्ली से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह वैकल्पिक मार्ग काफी मुफीद भी है। कांवड़ सीजन और कुंभ के दौरान इस मार्ग की महत्ता भी बढ़ जाती है। लेकिन अभी इस मार्ग का चौड़ीकरण बजट के अभाव में अटका हुआ है। एनएच विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण के लिए केंद्र सरकार को 227 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। अगले कुछ महीनों में इसके स्वीकृत होकर बजट मिलने की उम्मीद है। बजट मिलने के बाद पुरकाजी से हरिद्वार के बीच इस मार्ग को 45 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। इसमें सड़क के किनारे कच्ची पटरी भी शामिल होगी। माना जा रहा है कि इस साल के अंत तक इस पर काम पूरा करा लिया जाएगा। जिसके बाद विशेष पर्वों एवं जाम लगने की स्थिति में हरिद्वार तक पहुंचने के लिए राह आसान होगी। गौरतलब है कि पुरकाजी से हरिद्वार तक का यह मार्ग करीब 50 किलोमीटर का है। इस मार्ग पर सौ से अधिक गांव भी पड़ते हैं। मार्ग के चौड़ीकरण के बाद ग्रामीणों को भी काफी सहूलियत होगी।
विज्ञापन