ईद के बाद पड़ने वाली नौचंदी जुमेरात पर कलियर में जायरीनों का हुजूम उमड़ पड़ा। जायरीनों ने धूप में खड़े होकर दरगाहों पर लाइन लगा कर जियारत की। कलियर में भारी भीड़ होने के कारण कलियर पुल सहित अन्य सड़कों पर भारी जाम लगा रहा।
ईद के अगले ही दिन पड़ने वाली नौचंदी जुमेरात पर दरगाह साबिर पाक सहित दरगाह इमाम साहब, किलकिली साहब सहित अन्य दरगाहों पर जायरीनों का हुजूम उमड़ पड़ा। कलियर में नौचंदी जुमेरात पर हजारों की संख्या में साबिर पाक की दरगाह पर जियारत करने के लिए जायरीन पहुंचे और मन्नतें मांगी। दिल्ली, बरेली, पंजाब, रामपुर, मुरादाबाद, आगरा, नजीबाबाद, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत अन्य शहरों से भारी संख्या में जायरीन पिरान कलियर पहुंचे। भीड़ होने से मुख्य चौक, पीपल चौक, पुरानी और नई गंगनहर पुल पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने जाम को खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन बेतरतीब वाहनों के कारण घंटों जाम लगा रहा है। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि भीड़ होने की वजह से जाम की स्थिति बनी रही।