{"_id":"6ac169cd4b9fae488104a51d","slug":"vehicles-crawled-on-major-roads-due-to-traffic-jams-rishikesh-news-c-5-1-drn1089-1081755-2026-10-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rishikesh News: जाम से प्रमुख मार्गों पर रेंगे वाहन, फंसे रहे स्कूली बच्चे व पर्यटक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rishikesh News: जाम से प्रमुख मार्गों पर रेंगे वाहन, फंसे रहे स्कूली बच्चे व पर्यटक
Sun, 04 Oct 2026 02:17 AM IST
देहरादून ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, ऋषिकेश
संवाद न्यूज एजेंसी, ऋषिकेश
Updated Sun, 04 Oct 2026 02:17 AM IST
विज्ञापन
वीकेंड (शनिवार) पर तीर्थनगरी ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का ऐसा भारी दबाव रहा कि कोयल घाटी तिराहे से कैलाश गेट, नेपाली फार्म से श्यामपुर फाटक, योगनगरी रेलवे स्टेशन से इंद्रमणि बडोनी चौक और ढालवाला से भद्रकाली तक वाहन रेंगते नजर आए। सुबह करीब नौ बजे से शुरू हुए इस जाम में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी पर्यटक और स्कूली बच्चे घंटों फंसे रहे। जाम के झाम में सबसे ज्यादा परेशानी नेपाली फार्म-श्यामपुर मार्ग पर हुई। श्यामपुर पुलिस चौकी से ही वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। इस मार्ग पर ट्रेनों के आवागमन के कारण दो रेलवे फाटक बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। फाटक खुलने के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी और जाम बढ़ता गया। यातायात पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों को बाईपास की ओर डायवर्ट करना शुरू किया, इसके बावजूद गौरा देवी चौक से इंद्रमणि बडोनी चौक तक यातायात बाधित रहा। जाम से बचने के लिए बाहरी पर्यटकों ने जीपीएस का सहारा लिया, जिससे मुनिकीरेती और चौदह बीघा क्षेत्र की संकरी गलियों में भी बाहरी वाहनों की घुसपैठ हो गई। गलियां चोक होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन