विदेश में बैठकर तीन तलाक की धमकी दे रहा शौहर, पत्नी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
तीन तलाक के खिलाफ भले ही केंद्र सरकार लगातार कड़े नियम बना रही है लेकिन ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्र का है। यहां पर एक महिला को उसका पति सऊदी अरब में बैठकर फोन के जरिए तीन तलाक देने की धमकी दे रहा है। पीड़ित महिला और उसके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
ऋषिकेश में एक विशेष समुदाय की महिला ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि उसकी शादी मेरठ के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ तीन साल पहले हुई थी। ससुराल वालों ने उसे यह कहकर घर से बाहर निकाल दिया कि उसके ऊपर भूत का साया है।
इसके बाद उसके परिजन उसे ऋषिकेश ले आए। पीड़ित महिला का कहना है उसके पति अब सऊदी अरब में रहते हैं। अभी कुछ दिनों से उसका पति मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल करके तीन तलाक देने की बात कर दबाव बना रहा है, जबकि पीड़ित महिला का कहना है कि वह तलाक नहीं लेना चाहती है।
पीड़ित महिला के पिता ने कहा कि उसकी बेटी पर और उसके ऊपर लगातार तीन तलाक का दबाव बनाया जा रहा है। सऊदी में बैठा उनका दामाद वीडियो कॉल के जरिये तलाक देने की बात कह रहा है। अब इस मामले में पीड़ित परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इंसाफ की गुहार लगाई है। इस बाबत उन्होंने पीएम को पत्र भी लिखा है।