ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। दिल्ली से हरिद्वार आ रहा एक युवक रोडवेज की बस में जहरखुरानी का शिकार हो गया। होश आया तो युवक हरिद्वार की बजाए ऋषिकेश आ पहुंचा। घटना में युवक की सोने की एक चेन, नकदी और मोबाइल फोन गायब हो गए। बीते शुक्रवार की रात को 30 वर्षीय सचिन कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी भीमगौड़ा हरिद्वार दिल्ली से हरिद्वार के लिए रोडवेज की बस पर सवार हुआ। तभी एक अन्य युवक और उसका दोस्त हरिद्वार जाने की बात कहकर बस में बैठ गए।
बस मेरठ के समीप खाने के लिए आधा घंटा रुकी। यहां बगल में बैठे युवक ने सचिन को खाने के लिए बिस्कुट दिया। बिस्कुट खाने के बाद उसे जरा भी होश नहीं रहा। बेहोशी की हालत में वह हरिद्वार स्टेशन उतरने के बजाए ऋषिकेश पहुंच गया। कंडक्टर ने उसे राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रामा वार्ड में भर्ती कर दिया।