पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री टैबलेट योजना के तहत खरीदे गए टैबलेट का भौतिक सत्यापन कार्य शुरू हो गया है। भौतिक सत्यापन समिति के संयोजक डॉ. सरोज वर्मा, डॉ. गुंजन, डॉ. गंगोत्री रायपा ने बुधवार को बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र हिमांशु के टैबलेट का सत्यापन किया।
मुख्यमंत्री टैबलेट योजना के तहत शासकीय महाविद्यालयों और कैंपस के छात्रों को 12 हजार की राशि टैबलेट खरीदने के लिए दी जा चुकी है। पहले चरण में 2414 पहले सेमेस्टर के छात्रों के खाते में 2.90 करोड़ की राशि दी गई। टैबलेट के भौतिक सत्यापन के बाद छात्र हिमांशु ने प्रदेश सरकार का आभार जताया। छात्र नेता योगेश भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराने का ये प्रयास सराहनीय है। इससे सीमांत के छात्रों को पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी और तकनीकी रूप से शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। प्रो. वर्मा ने बताया कि सभी छात्रों को टैबलेट खरीदना अनिवार्य है। इसके साथ ही भौतिक सत्यापन कराना जरूरी है। अभाविप के जिला संयोजक अशोक उप्रेती, सह संयोजक दीपक गिरी ने छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराने के लिए सीएम और शिक्षा मंत्री का आभार जताया है।