Pithoragarh: आरक्षण बदलते ही धरी रह गईं धारचूला पालिकाध्यक्ष के दावेदारों की तैयारियां, बदले समीकरण
धारचूला नगरपालिका अध्यक्ष की सीट अन्य पिछड़ी जाति महिला के लिए आरक्षित हो गई है। पहले इस सीट के अनारक्षित होने से बड़ी संख्या में सभी दलों के कार्यकर्ताओं ने दावेदारी की थी। अब सीट का आरक्षण बदल जाने से दावेदारों की तैयारियां धरी की धरी रह गईं हैं।
विस्तार
धारचूला नगरपालिका अध्यक्ष की सीट अन्य पिछड़ी जाति महिला के लिए आरक्षित हो गई है। पहले इस सीट के अनारक्षित होने से बड़ी संख्या में सभी दलों के कार्यकर्ताओं ने दावेदारी की थी। अब सीट का आरक्षण बदल जाने से सभी दावेदारों की तैयारियां धरी की धरी रह गईं हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों काे भी प्रत्याशी चयन से पहले दोबारा कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करनी होगी।
धारचूला नगरपालिका अध्यक्ष की सीट पहले अनारक्षित की गई थी। कांग्रेस से 13 कार्यकर्ताओं और भाजपा से चार कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की थी। कांग्रेस के दावेदारों में डीडीहाट जिलाध्यक्ष नंदा बिष्ट, ब्लाॅक अध्यक्ष भूपेंद्र राणा, निहारिका गर्ब्याल, वीरेंद्र गर्ब्याल, अंशुल खैर, अश्वनी नपलच्याल, सौरभ मर्तोलिया, अरविंद वाल्मीकि, सोहन जमकाल, इरशाद अहमद, प्रेमवती कुटियाल, लक्ष्मी गुंज्याल, लक्ष्मी रायपा ने दावेदारी की थी। इनके अलावा, भाजपा से जिला उपाध्यक्ष महेंद्र बुदियाल, विरेंद्र नबियाल, अशोक नबियाल, महेश गर्ब्याल और हरीश धामी दावेदार थे। अधिकतर दावेदारों ने चुनाव मैदान में उतरने के लिए अपने स्तर से तैयारियां भी शुरू कर दी थीं।
पिथौरागढ़ नगर निगम, तीन पालिका और एक नगर पंचायत में नहीं हुआ कोई बदलाव
पिथौरागढ़ जिले में पिथौरागढ़ नगर निगम, डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग नगरपालिका और मुनस्यारी नगर पंचायत की सीटों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पिथौरागढ़ नगर निगम महिला के लिए आरक्षित है। डीडीहाट, गंगोलीहाट नगरपालिकाएं अनारक्षित और बेड़ीनाग पालिका महिला के लिए आरक्षित है। नगर पंचायत मुनस्यारी अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।
पिथौरागढ़ नगर निगम सहित तीन निकायों में महिला मतदाता बनेंगी निर्णायक
पिथौरागढ़ नगर निगम में 38981 मतदाता हैं। इनमें 19766 महिलाएं जबकि 19214 पुरुष मतदाता हैं। बेड़ीनाग नगरपालिका में सबसे अधिक 5270 मतदाता हैं। डीडीहाट नगरपालिका में सबसे कम 3715 वोटर हैं। नव गठित मुनस्यारी नगर पंचायत में 3903 मतदाता हैं। पिथौरागढ़ नगर निगम, धारचूला, गंगोलीहाट पालिका और मुनस्यारी नगर पंचायत में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। ऐसे में नगर निगम सहित तीन निकायों में महिला मतदाता ही निर्णायक की भूमिका में रहेंगी।
निकाय क्षेत्र वार्डों की संख्या महिला मतदाता - पुरुष मतदाता - कुल
- पिथौरागढ़ नगर निगम 40 19766 - 19214 - 38981
- धारचूला नगर पालिका 07 2320 - 2189 - 4509
- डीडीहाट नगर पालिका 07 1774 - 1941 - 3715
- बेड़ीनाग नगर पालिका 07 2615 - 2655 - 5270
- गंगोलीहाट नगर पालिका- 07 - 2170 - 2146 - 4316
- मुनस्यारी नगर पंचायत- 07 - 1976 - 1927 - 3903
टनकपुर में ओबीसी तो चंपावत में सामान्य महिला के हाथ होगी बागडोर
अधिसूचना जारी होने के बाद पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण की तस्वीर साफ हो गई है। पूर्व में सीटों को लेकर जारी आरक्षण यथावत रहा। जिले की सबसे बड़ी टनकपुर पालिका में 15 वार्ड हैं। यहां सीट ओबीसी के लिए आरक्षित की गई है, दूसरे नंबर की नौ वार्ड वाली चंपावत पालिका में सामान्य महिलाओं के बीच टक्कर देखने को मिलेगी। सात वार्ड वाले लोहाघाट पालिका में सीट सामान्य है, जबकि सात वार्डों वाली बनबसा नगर पंचायत में सीट एससी है।
चंपावत में मतदाताओं की संख्या 7397 है। इसमें 3571 महिलाएं और 3826 पुरुष हैं। टनकपुर पालिका में 14739 मतदाता हैं। इसमें 7649 पुरुष, 7090 महिला मतदाता हैं। लोहाघाट पालिका में 6237 मतदाता हैं, इसमें 2916 महिलाएं और 3321 पुरुष हैं। बनबसा नगर पंचायत में 6023 मतदाता हैं, इसमें 2484 पुरुष और 2374 महिलाएं हैं।
महिला आरक्षित वार्ड मल्ली मादली के अनारक्षित होने से बदला समीकरण
चंपावत जिले में वार्डाें में आरक्षण को लेकर आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। चंपावत पालिका में दो और टनकपुर में नौ आपत्तियां दर्ज की गईं थीं। 22 दिसंबर को आपत्तियों के निस्तारण को लेकर हुई सुनवाई के दौरान अन्य 10 आपत्तियों को निरस्त कर दिया गया। चंपावत पालिका में मल्ली मादली वार्ड महिला आरक्षित वार्ड को अनारक्षित कर दिया गया है। पूर्व में दो महिला उम्मीदवार यहां से चुनाव लड़ने का मन बना चुकी थी, लेकिन अब वह मायूस हैं। सामान्य सीट होने पर पुरुष दावेदारों की संख्या अधिक होने की उम्मीद है।
पिथौरागढ़ नगर निगम में मेयर की कुर्सी तक पहुंचने के लिए 20 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे प्रत्याशी
निकाय चुनाव की तैयारी तेज हो गई है और प्रत्याशियों के खर्च की सीमा भी तय कर दी गई है। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद गोस्वामी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निकायों में प्रत्याशियों के खर्च का ब्योरा सार्वजनिक किया। निर्वाचन आयोग के मुताबिक 40 वार्ड से बने पिथौरागढ़ नगर निगम में मेयर के प्रत्याशी चुनाव में 20 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे जबकि पार्षदों के खर्च की सीमा तीन लाख रुपये होगी।
जिले में इस बार पिथौरागढ़ नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा मिला है। इसमें 40 वार्ड हैं जहां पहले मेयर और पार्षदों के लिए चुनाव होगा। धारचूला, डीडीहाट, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष जबकि एक नगर पंचायत मुनस्यारी में निकाय चुनाव होंगे। इनमें सात-सात वार्ड हैं।
सात-सात वार्ड वाली डीडीहाट, धारचूला, बेड़ीनाग और गंगोलीहाट नगर पालिका में अध्यक्ष के प्रत्याशी छह लाख रुपये जबकि सभासद के प्रत्याशी 80,000 रुपये खर्च कर सकेंगे। मुनस्यारी नगर पंचायत में भी पहली बार चुनाव होगा और यहां नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशियों के खर्च की सीमा तीन लाख, सभासदों के खर्च की सीमा 50,000 रुपये होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी गोस्वामी ने कहा कि सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पालन करना होगा। ऐसा न करने पर निर्वाचन आयोग कार्रवाई करेगा। बैठक में कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आचार संहिता लागू होने ही होर्डिंग बैनर पर चला प्रशासन का डंडा
निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन का नगर पालिका क्षेत्र में पोस्टर होर्डिंग में डंडा चलना शुरू हो गया। एसडीएम आकाश जोशी ने बताया कि 48 घंटे में सभी होर्डिंग हटा दिए जाएंगे। सोमवार को अधिसूचना जारी होते ही एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार जगदीश गिरि के नेतृत्व में राजस्व टीम नगर में उतरी और होर्डिंग आदि को हटाया। टीम में कानूनगो संजय कुमार उनियाल, पटवारी ऋषभ, सलमान आदि शामिल रहे।
लोहाघाट नगर पालिका ...कांग्रेसियों ने गिरधर के नाम पर जताई सहमति
आगामी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक की। इस दौरान लोहाघाट नगर पालिका से पार्टी प्रत्याशी के चयन को लेकर रायशुमारी की गई।
सोमवार शाम को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भगीरथ भट्ट के आवास पर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। भट्ट ने निर्विवाद रूप से गिरधर सिंह अधिकारी को अध्यक्ष पद के लिए पार्टी का मजबूत प्रत्याशी बताया। इस पर सभी कार्यकर्ताओं ने उनके नाम पर मुहर लगाई। कहा कि विधायक अधिकारी की ओर से किए गए विकास कार्यों को लेकर वह जनता से वोट मांगेंगे। गिरधर अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें जो सम्मान दिया है, उसका वह आदर करते हैं लेकिन वह समर्थकों की राय के बाद ही अगला कदम उठाएंगे। बैठक में चांद बोहरा, बल्लू माहरा, शैलेंद्र राय, प्रकाश साह, सक्षम अधिकारी, प्रदीप देव आदि मौजूद रहे।
लोहाघाट नगर पालिका में 6237 मतदाता पंजीकृत
सात वार्डों वाली नगर पालिका में अभी तक कुल 6237 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है। नगर पालिका के ईओ सौरभ नेगी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में कुल सात वार्ड हैं।
पालिका चुनावों को लेकर जहां प्रशासन अपनी तैयारियों में जुट गया है, वहीं जन प्रतिनिधि भी टिकट की खींचतान में जुटे हैं। पालिका चुनाव को लेकर नगर का माहौल काफी गरमाने लगा है, गली, मोहल्लों, चौराहों पर लोग कांग्रेस और भाजपा किसी पार्टी प्रत्याशी बनाती हैं इसे लेकर ही चर्चाओं में जुटे हैं।
वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर अभी तक 6,237 मतदाता पंजीकृत हैं। अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद मतदाताओं की स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
वार्ड मतदाता
सार्कीटोला 1251
बजरंगबली 1099
लोहावती 717
ऋषेश्वर 523
ठाडाढुंगा 719
मीनाबाजार 821
कचहरी 1007
भाजपा से डीडीहाट में 10 कार्यकर्ताओं ने की दावेदारी
डीडीहाट नगरपालिका अध्यक्ष के लिए भाजपा से दस कार्यकर्ताओं ने दावेदारी की है। इनमें दो पूर्व अध्यक्ष भी हैं। डीडीहाट नगर पालिका के लिए रायशुमारी करने पहुंचे भाजपा के पर्यवेक्षक बलराज पासी के समक्ष 10 भाजपाइयों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इनमें पूर्व पालिकाध्यक्ष कविंद्र साही, कमला चुफाल के अलावा लोकेश भड़, प्रहलाद चुफाल, दीपेश जंगपागी, विपेंद्र रावत, मोहन राम, मनोहर चुफाल, गोविंद कुमार, दीपक कन्याल शामिल है। वहां बसंती देवी, सतीश पांडे, विरेंद्र बोरा आदि मौजूद रहे।