पिथौरागढ़-तवाघाट हाइवे फिर रहा छह घंटे बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर ओगला एवं अस्कोट के बीच जड़ियागाड़ और पिनौड़ीगाड़ में भारी मलबा पटने से रविवार रात से सोमवार सुबह तक छह घंटे वाहनों की आवाजाही बंद रही। धारचूला से दिल्ली, टनकपुर और देहरादून को जाने वाले वाहनों को अस्कोट से वाया नारायणनगर वाला रूट पकड़ना पड़ा। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सुबह छह बजे से सड़क पर गिरा मलबा हटाने का काम शुरू किया। सुबह आठ बजे से इस रोड पर वाहनों की आवाजाही होने लगी। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रोड बंद होने से धारचूला, जौलजीबी, मदकोट, मुनस्यारी से पिथौरागढ़ को जाने वाले वाहनों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
क्षेत्र में रविवार रात भी भारी बारिश हुई। इस बीच पिथौरागढ़-तवाघाट मार्ग पर कई स्थानों में मलबा गिरने का खतरा बना है, क्योंकि बीआरओ ने इन दिनों सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू किया है। इस कारण हल्की बारिश में भी मलबा गिर रहा है। बीआरओ के सहायक इंचार्ज विशन सिंह पिंगल ने बताया कि जिन स्थानों पर मलबा गिरने का खतरा है, वहां पर जेसीबी को स्थायी रूप से रखा गया है। इस कारण वाहनों को ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोड की कटिंग के साथ-साथ मलबा हटाने का काम भी जारी रखा गया है। इधर, रोज रोड बंद होने से यात्रियों और वाहन चालकों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि अब बारिश की रफ्तार कम होने के बावजूद रोड बंद होने का खतरा टला नहीं है।
थल-मुनस्यारी रोड पर खतरा बरकरार
नाचनी (पिथौरागढ़)। थल-मुनस्यारी रोड पर रातीगाड़, हरड़िया में मलबा आने का खतरा बना है। इस रोड पर अक्सर आवाजाही बंद हो जाती है। इस कारण सबसे ज्यादा परेशानी पर्यटकों एवं स्थानीय यात्रियों को उठानी पड़ती है। लोनिवि ने हालांकि रोड के सुधारीकरण का काम जारी रखा है, लेकिन खतरा कम नहीं हुआ है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी ने कहा कि यातायात लंबे समय तक बाधित न हो, इसके लिए प्रयास किए गए हैं।
जिला मुख्यालय में 14 एमएम बारिश
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में पिछले 24 घंटे में 14 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से खासी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में छिटपुट बारिश के आसार बने रहेंगे। मानसून की सक्रियता फिलहाल बनी हुई है। बारिश का क्रम जारी रहने से अब तापमान में थोड़ी गिरावट आने लगेगी।