पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ महाविद्यालय में छात्रों ने परीक्षा स्थगित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की परीक्षा होने के कारण कई छात्र नीट और जेईई की परीक्षा से वंचित हो जाएंगे। ऐसे में परीक्षा तिथि को स्थगित किया जाए। मंगलवार को छात्रसंघ अध्यक्ष सीएम पांडे के नेतृत्व में परीक्षा की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रसंघ पदाधिकारी और छात्रों ने महाविद्यालय में धरना दिया। प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं में परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति है। विश्वविद्यालय से जुड़े 23 कॉलेजों ने ओपन बुक पेपर की मांग की है। यदि राज्य सरकार इस जायज मांग को स्वीकार नहीं करती तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। क्रमिक अनशन में कोषाध्यक्ष यश सिंह लुंठी, उपसचिव हरीश सिंह, छात्रनेता योगेश भट्ट आदि रहे।
मुवानी में छात्राओं ने किया प्रदर्शन
मुवानी (पिथौरागढ़)। कोरोना संक्रमण के चलते महाविद्यालय मुवानी में छात्रसंघ ने परीक्षा स्थगित करने की मांग की है। महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष दिव्या भट्ट के नेतृत्व में छात्राओं ने विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रदर्शन कर नारे लगाए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में परीक्षा कराकर भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसे में संक्रमण फैलने का पूरा खतरा है। प्रदर्शन में हेमलता कार्की, नेहा चंद, रेखा, अनीता, नीलम, उमा, जानकी आदि रहे।