पिथौरागढ़। डीएम ने कैच द रेन कैंपेन के तहत वर्षा जल संरक्षण कार्यों की प्रगति समीक्षा की उन्होंने विभागों को मानसून से पूर्व वर्षा जल संचय के लिए आवंटित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। बैठक से अनुपस्थित रहने पर नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय जल मिशन राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसमें वर्षा जल को संरक्षित करना है। उन्होंने सभी रेखीय विभागों को निर्देशित किया कि वर्षा जल संचय के लिए संचालित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। डीएम ने वाटरशेड विकास के तहत वाटर हार्वेस्टिंग बॉडी बनाने के लिए विभागीय विशेषज्ञों को शामिल कर वैज्ञानिक तरीके से योजना बनाने के लिए कहा। जल संचय करने के लिए ग्रे वाटर हार्वेस्टिंग ग्राम पंचायतों में वाटर शेड विकास के लिए कार्यशाला, सरकारी भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, पौधरोपण, नौले-धारों का जीर्णोद्धार, पोखरों की सफाई, सोकपिट निर्माण, रामगंगा की सफाई, जल संचय के लिए वैज्ञानिक पद्धति से कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने मानसून काल में ब्लॉक स्तर पर ठोस योजनाओं के साथ कैच द रेन कार्यों को बेहतरीन प्लान के साथ आगे बढ़ाने को कहा। डीएम ने कहा कि जो भी सरकारी भवन निर्माणाधीन है, उनमें अनिवार्य रूप से रूफटॉप रेन हार्वेस्टिंग की जाए। सभी बड़े सरकारी भवनों की छतों पर भी रेन हार्वेस्टिंग का प्रस्ताव तैयार किया जाए। डीएम ने डीडीओ को सभी बीडीओ से एक सप्ताह के भीतर जल संरक्षण कार्यों का जीआईएस कार्डिनेट लेकर उपलब्ध कराने को कहा। ऐसा न करने पर संबधितों का वेतन रोकने को कहा। बैठक में एनवाईके अधिकारी के उपस्थित न रहने पर उनको कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया। बैठक में डीएफओ कोको रोसे, डीडीओ रमा गोस्वामी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।