{"_id":"57acae064f1c1b6b15ee43a5","slug":"heavy-rains-closed-roads","type":"story","status":"publish","title_hn":"भारी बारिश से कई सड़कें फिर बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भारी बारिश से कई सड़कें फिर बंद
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़/धारचूला
Updated Thu, 11 Aug 2016 10:25 PM IST
विज्ञापन
पांगला पुल पर पटा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से सड़कों पर मलबा पटता जा रहा है। बुधवार रात बारिश से घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर गुरना से थोड़ा आगे मलबा गिर गया। इस स्थान पर बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक बड़े वाहनों का संचालन नहीं हो पाया। बाद में एनएच के मजदूरों ने मलबा हटाया। वहीं, अल्मोड़ा से बेड़ीनाग आने वाली रोड पर बुधवार रात 12 बजे गणाईगंगोली के पास मलबा गिर गया। इस रोड पर वाहनों की आवाजाही बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक बंद रही।
विज्ञापन
धारचूला तहसील में तवाघाट-गर्वाधार रोड पर पांगला पुल के पास लगातार मलबा गिर रहा है। मलबे से पुल को भी गंभीर खतरा हो गया है। इसी रोड से कैलास मानसरोवर यात्री भी जाते हैं। इस समय आवाजाही बंद होने से यात्रियों को पांगला से सिर्खा पड़ाव तक पैदल सफर करना पड़ रहा है। सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण किया और मलबा हटाने के लिए जेसीबी तैनात कर दी है। तवाघाट-कंज्योति मार्ग पर खेत के पास अब तक मलबा नहीं हट पाया है। इस स्थान पर सड़क का बड़ा हिस्सा टूट गया है। इस कारण इस रोड पर पिछले 25 दिनों से वाहनों की आवाजाही बंद है।
विज्ञापन
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के अन्य मुख्य मार्गों पर यातायात सामान्य रूप से जारी है। इस बीच जिला मुख्यालय में बृहस्पतिवार को मूसलाधार बारिश हुई। इस कारण करीब एक घंटे तक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने सभी इलाकों में सतर्कता बरतने के लिए बृहस्पतिवार को फिर से निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि अभी तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी।
विज्ञापन
कांटे और पांगला में कई मकान खतरे में
पिथौरागढ़/धारचूला। पिथौरागढ़ तहसील के कांटे सिरपोली गांव के पास हुए भूस्खलन से गांव के आनंद सिंह, गणेश सिंह, अमित सिंह, दिनेश सिंह, लक्ष्मण सिंह और मनमोहन सिंह के मकानों को गंभीर खतरा हो गया है। गांव के लोगों ने जिला आपदा प्रबंधन विभाग को बताया कि भूस्खलन की चपेट में आकर दस फलदार पेड़ भी गिर गए हैं। लोगों ने मकानों की सुरक्षा का कदम उठाने की मांग की है। उधर, धारचूला तहसील के पांगला गांव में दस परिवारों को भूस्खलन का खतरा हो गया है। इन परिवारों को फिलहाल प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कर दिया गया है। पांगला में सड़क के किनारे से लगातार भूकटाव हो रहा है। भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र बुदियाल, भूपेंद्र थापा, जनक सिंह आदि ने बृहस्पतिवार को एसडीएम को ज्ञापन देकर प्रभावितों को मुआवजा देने और बीआरओ को पक्की सुरक्षा दीवार बनाने के निर्देश देने की मांग की। लगातार हो रहे भूकटाव से गांव के लोग दहशत में हैं।
जीआईसी गौरीहाट में खेल मैदान की दीवार टूटी
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। राजकीय इंटर कॉलेज गौरीहाट में बुधवार रात बारिश के दौरान खेल मैदान की दीवार टूट गई। यदि स्कूल समय में दीवार टूटती तो बड़ा हादसा हो जाता। पीटीए अध्यक्ष अर्जुन चंद ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी और तत्काल दीवार की मरम्मत कराने की मांग की। ग्राम प्रधान चंद्रकला ने भी विद्यालय का निरीक्षण किया। खेल मैदान की दीवार टूटने से फिलहाल उसे खेल गतिविधियों के लिए बंद कर दिया गया है।
24 घंटे में कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-16.0 एमएम
गंगोलीहाट-12.0 एमएम
बेड़ीनाग-16.5 एमएम
डीडीहाट-9.2 एमएम
मुनस्यारी-9.0 एमएम
धारचूला-16.6 एमएम