Pithoragarh: मलबा गिरने से आठ सड़कों पर थमी रफ्तार, नदी-नाले उफान पर; 40 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा
पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय सहित जिले के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के बाद मलबा गिरने से जिले में आठ सड़कें बंद हो गईं।
विस्तार
पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय सहित जिले के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के बाद मलबा गिरने से जिले में आठ सड़कें बंद हो गईं। इस कारण 40 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। सड़कों पर जलभराव होने से यात्री और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क बंद होने से एक बरात भी तीन घंटे तक फंसी रही।
सीमांत जिले में बीते मंगलवार की रात भारी बारिश हुई। जिला मुख्यालय समेत डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, धारचूला, मुनस्यारी, बंगापानी, तेजम, देवलथल, थल, कनालीछीना सहित अन्य हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित रहा। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए। मलबा गिरने से नाचनी-भैंसकोट, बाथीगूंठ-सुंदरीनाग, डीडीहाट-आदिचौरा, बुंगाछीना-बाटुला, चंडाक-चमाली, बडारी-गुरना, मसूरीकांडा-होकरा और तल्लीसार सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
सड़कें बंद होने से क्षेत्र की 30 हजार से अधिक की आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नाचनी में मसूरीकांडा-होकरा सड़क के बंद होने से बांसबगड़ से कोटा गांव जा रही बरात भी फंस गई। दूल्हा और बरातियों को तीन घंटे तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक नाचनी-भैंसकोट और मसूरीकांडा-होकरा सड़क पर आवाजाही शुरू करा दी गई है जबकि अन्य सड़कों को खोलने का कार्य जारी है।
थल-मुनस्यारी सड़क सात घंटे बाद खुली
नाचनी में भारी बारिश के बाद थल-मुनस्यारी सड़क हरड़िया के पास मलबा आने से बंद हो गई। ऐसे में वाहन चालकों, यात्रियों और पर्यटकों को फंसे रहना पड़ा। सात घंटे बाद बुधवार सुबह करीब सात बजे मलबा हटाकर सड़क पर आवाजाही शुरू कराई गई। सड़क खुलने से यात्री और वाहन चालक गंतव्य के लिए रवाना हुए। रामगंगा नदी में एकत्र हुआ हरड़िया नाले का मलबा भी भारी बारिश के बाद बह गया। ऐसे में यहां 500 मीटर दायरे में बनी झील का पानी प्रवाहित होने से सभी ने राहत महसूस की।
खर्क्यूड़ा में अंधड़ से गिरा पेड़, क्रियास्थल में बना भवन ध्वस्त
झूलाघाट के नजदीक रज्यूड़ा गांव के खर्क्यूड़ा में अंधड़ से पीपल का एक विशालकाय पेड़ गिर गया। इससे पास में क्रियास्थल पर बना भवन ध्वस्त हो गया। स्थानीय निवासी गोविंद सिंह ने बताया कि क्रियास्थल पर काफी मुश्किलों के बाद भवन बनाया गया था लेकिन पेड़ गिरने से यह ध्वस्त हो गया है। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग को सूचना देकर नया भवन बनवाने की मांग की है।
मुवानी में महाविद्यालय को जोड़ने वाली सड़क बंद
मंगलवार रात हुई भारी बारिश से मुवानी मुख्य बाजार की सड़क पर पानी नाले की तरह बहने लगा। नालियों के चोक होने से इसमें पड़ा कचरा सड़क पर एकत्र हो गया। इस कारण स्थानीय लोगों और व्यापारियों को दिक्कत झेलनी पड़ी। वहीं महाविद्यालय को जोड़ने वाली सड़क पर मलबा गिरने से यह बंद हो गई। विद्यार्थियों को दो किमी का अतिरिक्त फेरा लगाकर महाविद्यालय पहुंचना पड़ा। दिगरा मुवानी के पूर्व प्रधान रमेश बम ने लोनिवि से मानसूनकाल को देखते हुए नालियों की सफाई और सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
पिथौरागढ़ में बारिश का आंकड़ा (एमएम में)
पिथौरागढ़ 49.00
गंगोलीहाट 18.00
बेड़ीनाग 02.00
डीडीहाट 58.08
धारचूला 22.00
मुवानी 11.04
बंगापानी 30.00
तेजम 44.00
देवलथल 50.00
थल 10.00
कनालीछीना 55.03
मलबा आने से बंद हुई सड़कों को खोलने का कार्य जारी है। जेसीबी मशीने लगाकर मलबा हटवाया जा रहा है। जल्द ही सभी सड़कों पर आवाजाही शुरू करा दी जाएगी। - भूपेंद्र सिंह महर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, पिथौरागढ़